निगम क्षेत्र के शिक्षकों को 2 माह से वेतन नहीं मिला, आयुक्त से शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

कोरबा,(खटपट न्यूज़। छ.ग. प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ जिला इकाई ने निगम आयुक्त से शिक्षक संवर्ग की समस्याओं के निराकरण के संबंध में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। आयुक्त को बताया गया कि निगम क्षेत्र अंतर्गत कार्यरत शिक्षक संवर्ग को विगत 2 माह से वेतन भुगतान लंबित होने के साथ ही कई शिक्षकों का समयमान वेतनमान, पुनरीक्षित वेतनमान एवं वार्षिक वेतन वृद्धि का एरियर्स लंबित है। शीघ्र भुगतान करने के लिए आयुक्त एस जयवर्धन से चर्चा की गई। आयुक्त ने शिक्षकों के वेतन की समस्या पर संज्ञान लेते हुए लेखा अधिकारी आनंद गुप्ता को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। 1 अप्रैल 2012 से सीपीएस कटौती की राशि जो आज पर्यंत तक शिक्षकों के प्रान खाते में जमा नहीं कराई गई है, उस संबंध में भी आयुक्त एवं लेखा अधिकारी से प्रतिनिधि मंडल द्वारा विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर संघ के कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल, जिला सचिव विपिन यादव, कार्यकारी जिला अध्यक्ष विनय कुमार शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी एम.एल. खैरवार एवं प्रभात शर्मा उपस्थित थे।

Advertisement Carousel