Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा नहीं हुई शराबबंदी, कोरोना से भी निपटने भूपेश सरकार फिसड्डी : कौशिक

नहीं हुई शराबबंदी, कोरोना से भी निपटने भूपेश सरकार फिसड्डी : कौशिक

कोरबा (खटपट न्यूज)। प्रदेश भर में आज अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है। बिना रुपयों के लेन-देन कोई काम कराना सम्भव नहीं है। कांग्रेस की सरकार माफियाओं के हाथ में है। कांग्रेस सरकार में ना शराबबंदी हुई और ना ही बेरोजगारों को 2500 रुपये भत्ता दिया गया। कोरोनाकाल में जहां उन्हें दवाईयां पहुंचानी चाहिए थी वहां दवा तो नहीं लेकिन शराब जरूर पहुंचाया गया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बिल्हा क्षेत्र से भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक कोरबा से रायपुर जाते वक्त कुछ देर के लिए कटघोरा के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में ठहरे। यहां उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि राज्य सरकार नक्सलियों के आगे हथियार डाल चुकी है, जो नक्सली भाजपा की सरकार में बैकफुट पर थे वे आज मुख्य सड़कों पर आ धमके हैं। गांवों में जन अदालतें लगाई जा रही, सुरक्षाबलों के साथ हर दिन आम नागरिकों का गला रेता जा रहा। प्रभावित इलाकों में सरकारी कर्मचारियों की हत्याएं हो रही। इस तरह सरकार आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर भी पूरी तरह विफल हो चुकी है। कोरोना से भी निपटने में भी भूपेश सरकार पूरी तरह फेल रही। वैक्सिनेशन कार्यक्रम मे प्रदेश फिसड्डी साबित हुआ है। टीकाकरण को लेकर खुद सरकार के जवाबदार लोगों ने जो भ्रम फैलाया, उसका नतीजा रहा कि महज आठ लाख लोगों के टीकाकारण में राज्य सरकार के पसीने छूट गए। इस अव्यवस्था की वजह से वैक्सीनेशन कार्यक्रम को केंद्र को अपने हाथों में लेना पड़ा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर रसातल पर है। स्कूली बच्चे पांच सवालों को हल करने की स्थिति में नहीं हैं। आज उन तक ना किताबें पहुंच सकी, ना गणवेश और ना ही सायकल। नदियों में स्कूली ड्रेस बहाए जा रहे हैं। प्रदेश व जिले में अनेक अधिकारियों के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि आज अधिकारी खुलकर भ्रष्टाचार डंके की चोट पर कर रहे हंै। यदि उन्हें ऐसा लगता है कि सरकार के संरक्षण में कोई उन पर कार्रवाई नही कर सकता तो वे ऐसे लोगों को साफ चेतावनी देना चाहते हैं कि प्रदेश का कोई भी ऐसा अधिकारी ना छोड़ा जाएगा और न ही बख्शा जाएगा।
0 कांग्रेस का आंतरिक मामला
नेता प्रतिपक्ष ने ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री के मुद्दे पर चुटकी लेते हुए इस फार्मूले को कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया। कहा कि जिस तरह से सरकार बेलगाम चल रही है उससे ना सिर्फ आम जनता दुखी है बल्कि कांग्रेस के कार्यकर्ता भी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। पिछले दिनों यूपी में कांग्रेस के बड़े नेता जितिन प्रसाद ने कांग्रेस से बीजेपी प्रवेश किया लिहाजा इस बात की पूरी संभावना है कि सरकार के असंतुष्ट नेता-कार्यकर्ता भी पार्टी का साथ छोड़कर दूसरे विकल्पों की तलाश करें।
0 भाजपा में कोई अंतर्कलह नहीं

कोरबा जिले में युवा मोर्चा की पिछले दिनों घोषित कार्यकारिणी के बाद पार्टी के खिलाफ ही मोर्चा खोल देने के सवाल पर सवाल पर नेता विपक्ष ने किसी भी तरह के अंतर्कलह को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वे खुद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। ना ही नए और ना ही पुराने पदाधिकारी इन नियुक्तियों से नाराज हंै। हमारे हर एक कार्यकर्ता की कोशिश है कि किस तरह से कांग्रेस की सरकार को सत्ता से हटाया जाए।

Advertisement Carousel