Thursday, May 7, 2026
Home कोरबा नवरात्र पर गरबा ने बिखेरे इंद्रधनुषी रंग, भक्ति और श्रद्धा के रंग...

नवरात्र पर गरबा ने बिखेरे इंद्रधनुषी रंग, भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा जलाराम मंदिर


कोरबा (खटपट न्यूज)। औद्योगिक नगर कोरबा स्थित संत जलाराम मंदिर परिसर आश्विन नवरात्र पर पूरी तरह से भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा हुआ है। शक्ति की उपासना के इस सबसे बड़े पर्व पर देवी मां की पूजा-अर्चना पूरे नियम, विधि-विधान और उत्साह के साथ की जा रही है।


गुजराती समाज ने वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए इस बार भी मंदिर में विशेष सजावट की है। मंदिर प्रांगण देवी भगवती की झांकी, आकर्षक विद्युत सजावट और भक्ति संगीत की ध्वनियों से आलोकित हो उठा है। भक्तजन मां दुर्गा की आराधना कर अष्ट सिद्धि और नव निधि का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना कर रहे हैं। इसके साथ ही समाज द्वारा गरबा का विशेष आयोजन भी किया गया है, जो मंदिर से लगे सामाजिक भवन परिसर में प्रतिदिन आयोजित हो रहा है।

पारंपरिक गुजराती गीतों, संगीत और गरबा की थाप पर भक्तजन देर रात तक मां की भक्ति में झूमते नजर आते हैं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालु इस आयोजन को सांस्कृतिक और धार्मिक दोनों ही दृष्टि से बेहद खास बना रहे हैं।

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि पर्व न केवल आस्था और भक्ति का प्रतीक है, बल्कि अनुशासन, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का भी अवसर है। उनका कहना है कि सभी सदस्य मिलकर इस आयोजन को गरिमा, अनुशासन और पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Advertisement Carousel