Friday, March 13, 2026
Home कोरबा नवपदस्थ निगम आयुक्त ने किया पदभार ग्रहण

नवपदस्थ निगम आयुक्त ने किया पदभार ग्रहण


कोरबा (खटपट न्यूज)। नगर पालिक निगम कोरबा के नवपदस्थ आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने आज निगम कार्यालय साकेत पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। यहॉं उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा बैच 2008 के अधिकारी श्री आशुतोष पाण्डेय को नगर पालिक निगम कोरबा में आयुक्त पदस्थ किया गया है। आयुक्त श्री पाण्डेय ने आज 11 नवम्बर को पूर्वान्ह निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। आयुक्त श्री पाण्डेय के साकेत भवन पहुंचने पर निगम के अधिकारी कर्मचारियों ने उनका हार्दिक स्वागत किया, नवपदस्थ आयुक्त ने अधिकारी कर्मचारियों से उनका परिचय प्राप्त किया तथा सभी को टीम भावना के साथ कार्य करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। 

जनसुविधाओं व शासकीय योजनाओं पर फोकस  – आयुक्त श्री पाण्डेय ने इस मौके पर कहा कि नगर के विकास, जनसेवाओं व  सुविधाओं पर कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के त्रुटिरहित संचालन पर विशेष फोकस रखा जाएगा, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का  अधिकाधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे। उन्होने कहा कि नगर की स्वच्छता तथा सफाई कार्यो में और अधिक कसावट लाने की दिशा में बेहतर कार्य किया जाएगा।

 

निगम के विभिन्न विभागों का निरीक्षण  – पदभार ग्रहण करने के पश्चात आयुक्त श्री पाण्डेय ने अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों के साथ साकेत भवन स्थित निगम के विभिन्न विभागों, शाखाओं का सघन निरीक्षण किया। उन्होने निर्माण, स्थापना, लेखा, स्टेशनरी, संपदा, राजस्व, सम्पत्तिकर, जनसंपर्क, विधि, जलप्रदाय, विद्युत, भवन निर्माण अनुमति, अतिक्रमण, जन्म-मृत्यु पंजीयन, डाटा सेंटर, स्वच्छता, वाहन, प्रधानमंत्री आवास योजना विभाग आदि शाखाओं सहित अन्य विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर वहॉं की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होने विभागों, शाखाओं की व्यवस्थाओं को चुस्त दुरूस्त करने तथा कार्यालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को दिये।  

Advertisement Carousel