नक्सल क्षेत्र में दिखाया अदम्य साहस, पाली टीआई लीलाधर राठौर नवाजे जाएंगे वीरता पदक से….

कोरबा/पाली (खटपट न्यूज़)। कोरबा जिला पुलिस बल के अधीन पाली थाना का प्रभार संभाल रहे निरीक्षक लीलाधर राठौर को वीरता पदक से नवाजा जाएगा। यह अवार्ड उन्हें नक्सल क्षेत्र में अदम्य साहस से कार्य करने के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने नक्सलियों के गढ़ में घुसकर न सिर्फ नक्सलियों का सामना किया, बल्कि कई नक्सल ऑपरेशन का नेतृत्व कर अनेकों नक्सलियों को मार गिरा कर देश व प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व शांति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मूलतः जांजगीर-चाम्पा जिले के ग्राम झरना बाराद्वार में पले-बढ़े श्री राठौर की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालय झरना में हुई। उन्होंने जांजगीर महाविद्यालय में बीएससी की पढ़ाई की, तत्पश्चात आगे की पढ़ाई के लिए इंदौर विश्वविद्यालय चले गए जहां उन्होंने एमएससी पूरी कर रविशंकर विश्वविद्यालय पीएचडी के लिए ज्वाइन किए। इसी दौरान उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू दी थी, लेकिन पिता हेमचंद राठौर का सपना साकार करने लीलाधर ने पुलिस सेवा ज्वाइन किया। पुलिस सेवा में उनका चयन वर्ष 2013 में सब इंस्पेक्टर के तौर पर हुआ तथा लगभग डेढ़ वर्षो के अकादमिक व डेढ़ वर्षों का व्यावहारिक ट्रेनिंग महासमुंद में पूरी करने के पश्चात 2016 में उनकी पहली तैनाती घोर नक्सल क्षेत्र बीजापुर जिले में हुई। वे बीजापुर में अपनी सेवा देते रहे कि इस बीच उन्हें नक्सल क्षेत्र में कार्य करने के लिए कमांडो की विशेष ट्रेनिंग लेने मिजोरम भेजा गया जहां वे 30 दिनों तक कड़ी ट्रेनिंग कर पुनः नक्सलियों के गढ़ में लौटे। दिसंबर 2016 में डीआरजी ऑपरेशन टीम का नेतृत्व करते हुए नक्सलियों के डिवीजन कमांडेंट को मुठभेड़ में मार गिराया। इस वाक्ये के बाद सरकार की ओर से श्री राठौर को बतौर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर निरीक्षक पदोन्नत किया गया। वर्ष 2018 में निरीक्षक श्री राठौर के नेतृत्व में ऑपरेशन टीम ने जन मलीशिया कमांडर को हथियार के साथ मार गिराया गया। अनेक नक्सल ऑपरेशन चलाए व लगभग तीन साल बीजापुर घोर नक्सली क्षेत्र में डीआरजी इंचार्ज के रूप में कार्य किये। इसके बाद 2019 में उनका ट्रांसफर कोरबा जिला के लिए हुआ। कोरबा जिले में आमद के साथ श्यांग पुलिस चौकी की जिम्मेदारी मिली, फिर पसान और वर्तमान में पाली थाना की जिम्मेदारी का सफलतम निर्वहन कर रहे हैं। शासन ने उनके द्वारा घोर नक्सल क्षेत्र में किये गए साहसिक कार्य के लिए उनका नाम वीरता पदक के लिए नामांकित किया है। इसके लिए आला अधिकारियों, थाना स्टाफ व नगर जनों ने बधाई देने के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी है।

Advertisement Carousel