Monday, March 23, 2026
Home कोरबा देवेंद्र की बाईक रैली का जवाब देने आ रहे कोको, बाबा के...

देवेंद्र की बाईक रैली का जवाब देने आ रहे कोको, बाबा के खास समर्थक करेंगे पदयात्रा

कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिला इन दिनों प्रदेश में चल रहे राजनीतिक गर्माहट का एक तरह से केंद्र बिंदु बना हुआ है। 3 दिन पहले ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खास सिपहसालार भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के मुख्य आतिथ्य में कोरबा जिले में राजीव मितान युवा क्लब का गठन के संदर्भ में बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। वरिष्ठ युकां नेता श्याम नारायण सोनी की अगुवाई में यह बाइक रैली निकाली गई थी। इस बाइक रैली के बाद अब बढ़ती महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद्र कोकोपाढ़ी एवं सह प्रभारी एकता ठाकुर की अगुवाई में विशाल जनजागरण पदयात्रा का आयोजन 17 नवंबर को कोरबा में किया जाना है। इसकी रूपरेखा तय कर ली गई है। यह धड़ा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का समर्थक माना जाता है और भूपेश बघेल के समर्थकों के बाद अब बाबा के समर्थकों की पदयात्रा ने राजनीतिक गर्माहट बढ़ा दी है।शक्ति प्रदर्शन के लिए अलग-अलग तरीका और पूर्व के आयोजन में शहर व जिले के कद्दावर कांग्रेसी नेताओं एवं पदाधिकारियों की नदारदगी अपने आप में बहुत कुछ बता चुकी है। अब इस पद यात्रा की तैयारी में दूसरा धड़ा जोर-शोर से जुड़ा हुआ है जिसमें पूरी उम्मीद है कि पहले वाला धड़ा दूरी बनाए रखेगा। इस सियासी जोर आजमाइश में कोरबा जिला सहित प्रदेश की जनता और गुटीय राजनीति में बंटे पदाधिकारी व कार्यकर्ता तेल और तेल की धार देख रहे हैं।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel