कोरबा(खटपट न्यूज़)। फर्जी तरीके से सरकारी जमीन को बेचने और पटवारी की आईडी हैक कर दस्तावेजों में कूटरचना करते हुए नामांतरण के मामले में वांछित आरोपी को खरीदार ने ही भगा दिया। एम्बुलेन्स में खरीदार कोसाबाड़ी निवासी अंकित थवाईत और मुजम्मिल खान दोनों एक साथ ग्राम गिरारी में घूम रहे थे। श्यांग थाना प्रभारी की इस आरोपी पर नजर पड़ी तो अंकित ने एम्बुलेंस दौड़ा दी और जंगल रास्ते में मुजम्मिल को उतार कर भागने में मदद की। पीछे लगी पुलिस और 112 की टीम जंगल छानकर खाली हाथ लौट आई। पुलिस अब दोनों की तलाश सरगर्मी से कर रही है।

आपको बता दें कि कोरबा जिले के श्यांग थाना अंतर्गत ग्राम जिल्गा पटवारी हल्का नंबर 51 की शासकीय पट्टा की जमीन खसरा क्रमांक 717/1, रकबा 1.214 हेक्टेयर को जिल्गा निवासी बालकराम पिता पीलूराम 65 वर्ष के द्वारा फर्जी चौहद्दी तैयार कर कोसाबाड़ी निवासी अंकित थवाईत पिता स्व. यतेन्द्र थवाईत 29 वर्ष निवासी थवाईत नर्सिंग होम कोसाबाड़ी के नाम 3 मार्च 2020 को विक्रय कर दिया गया। भुईया के पटवारी लॉग इन आईडी से छेड़छाड़ कर 28 मार्च को क्रेता अंकित थवाईत के नाम पर ऑनलाइन अभिलेख दुरूस्त कर दिया गया। पटवारी विनोद कुमार की रिपोर्ट पर आरोपी बालकराम के विरूद्ध धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी, 34 भादवि का जुर्म दर्ज कर गिरफ्तारी की जा रही है। आरोपियों में मुजम्मिल भी शामिल है व मुख्य भूमिकाकार भी।
0 जिसके घर रात रुका, वहीं की महिला को छेड़ा
सीएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि अंकित थवाईत कल रात ग्राम गिरारी में अपने खास परिचित के घर ठहरा हुआ था। शराब के नशे में अंकित ने परिचित की पत्नी से छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। आधी रात में ही महिला ने श्यांग थाना में अंकित के विरूद्ध छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई जिस पर 354 भादवि का जुर्म दर्ज किया गया है।















