तेज रफ्तार हाइवा ठोकर से माता-पिता सहित मासूम की मौत

कोरबा-भैंसमा, (खटपट न्यूज)। तेज रफ्तार हाइवा के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर मासूम सहित उसके माता-पिता को रौंद डाला। हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मोटर साइकिल क्रमांक सीजी-11एई-9289 पर सवार होकर जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम जैजैपुर का निवासी दीपक कुमार पिता मानचंद उरांव 35 वर्ष पत्नी कौशिल्या 30 वर्ष व पुत्र रंजीत 4 वर्ष के साथ कोरबा से सक्ती की ओर जा रहा था। शाम करीब 4 बजे भैंसमा मार्ग पर अज्ञात हाइवा के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर बाइक को ठोकर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दीपक और मासूम रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। घायल कौशिल्या को ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दुर्घटनाकारित वाहन का चालक मौके से भाग निकला जबकि सूचना उपरांत मौके पर पहुंची उरगा पुलिस ने घटनास्थल में पड़े शवों को पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है जो देर रात तक कोरबा पहुंचे। फरार वाहन चालक के विरूद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement Carousel