Monday, March 23, 2026
Home Uncategorized Desh-Videsh तीन हमलावरों ने सरेंडर किया, अतीक-अशरफ पर सीएम की हाईलेबल बैठक

तीन हमलावरों ने सरेंडर किया, अतीक-अशरफ पर सीएम की हाईलेबल बैठक


उत्तरप्रदेश/प्रयागराज। गैंगस्टर अतीक और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में हत्या कर दी गई। मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाते वक्त सिर में गोली मारने के बाद तीन हमलावरों ने सरेंडर किया है। इस घटनाक्रम के तत्काल बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाई लेवल कमेटी की बैठक बुलाई है। उधर घटनास्थल पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है वहीं फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी पहुंच चुके हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस की सुरक्षा के बीच रात लगभग 10:30 बजे यह हमला तब हुआ जब पुलिस अतीक और अशरफ को अस्पताल में मेडिकल टेस्ट के लिए ले जा रही थी। पत्रकार साथ-साथ चलते हुए अतीक से सवाल कर रहे थे कि इसी बीच तीन युवक मीडियाकर्मी बनकर पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए आए और अतीक के सिर में गोली मार दी। इसके बाद अशरफ पर फायरिंग की जिससे दोनों वहीं ढेर हो गए। यह बात भी सामने आई है कि हमलावर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। आरोपियों के नाम लवलेश तिवारी, सनी और अरुण मौर्य बताए जा रहे हैं।

इस हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस हमले में कॉन्स्टेबल मानसिंह को भी गोली लगी है, जिसे अस्पताल ले जाया गया है। तीनों हमलावरों ने सरेंडर कर दिया है। यूपी पुलिस अभी इस मामले पर कुछ भी कह नहीं रही है। हमले के तुरंत बाद, यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे। सीएम ने सभी बड़े अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया।
बताया जा रहा है कि ​​​​​अतीक अहमद और अशरफ से यूपी ATS और प्रयागराज पुलिस ने 23 घंटे पूछताछ की थी। दोनों से करीब 200 सवाल पूछे गए थे। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान अतीक ने कबूला था कि वह पाकिस्तान से हथियार की सप्लाई लेता रहा है। अहमदाबाद जेल से उसने ISI एजेंट को फोन किया था। यही नहीं, अतीक ने उमेश पाल हत्याकांड की साजिश का भी जुर्म कबूल किया। अशरफ ने पुलिस को बताया कि किसी चैनल से हथियार पंजाब के एक फॉर्म हाउस तक पहुंच जाते थे। पूछताछ के दौरान अतीक बेटे के जनाजे में शामिल होने की मिन्नतें करता रहा। इसी दौरान अतीक की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद अतीक और अशरफ को एक ही हथकड़ी में प्रयागराज के कॉल्विन हॉस्पिटल लाया गया जहां गोली मार दी गई। मौके पर पिस्तौल बरामद हुई है। कहा जा रहा है कि हमलावरों ने इसी से घटना को अंजाम दिया।
0 अखिलेश बोले-अपराध की पराकाष्ठा हो गई
सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा है कि UP में अपराध की पराकाष्ठा हो गयी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जब पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच सरेआम गोलीबारी करके किसी की हत्या की जा सकती है तो आम जनता की सुरक्षा का क्या। इससे जनता के बीच भय का वातावरण बन रहा है, ऐसा लगता है कुछ लोग जानबूझकर ऐसा वातावरण बना रहे हैं।

Advertisement Carousel