Tuesday, March 24, 2026
Home बिलासपुर ताला तोड़कर साढ़े 12 लाख की सनसनीखेज चोरी,तलाश रही पुलिस

ताला तोड़कर साढ़े 12 लाख की सनसनीखेज चोरी,तलाश रही पुलिस

0 ट्रांसपोर्टर हुआ चोरी का शिकार
बिलासपुर(खटपट न्यूज़)। बिलासपुर में बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। ट्रांसपोर्टर के सूने मकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने पांच लाख नकद और साढ़े सात रुपए कीमती गहनों की चोरी कर ली। चोरों ने पहचान न हो, इसलिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी पार कर दिया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

राजकिशोरनगर के कल्याण बाग में रहने वाले सच्चिदानंद मंगलानी (45) ट्रांसपोर्टर हैं। बीते शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे वे परिवार के साथ रिश्तेदारी में रायपुर गए थे। इस दौरान उनके सूने मकान में ताला बंद था। इधर, रविवार की सुबह वे रायपुर से भाटापारा में रहने वाले रिश्तेदार के घर चले गए। फिर शाम करीब छह बजे वापस अपने घर कल्याण बाग पहुंचे। तब मकान का ताला टूटा मिला। वहीं अंदर कमरे का लॉक टूटा हुआ था और आलमारी खुली थी। चोरों ने घर से पांच लाख रुपए नगद और साढ़े सात लाख रुपए कीमती सोने-चांदी के गहने पार कर दिया।
ट्रांसपोर्टर ने चोरी की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल मकान पहुंची। इस दौरान कमरे में सामन बिखरे पड़े थे। पुलिस की फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद चोरी की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। ताकि, चोरों का कोई सुराग मिल सके।
ट्रांसपोर्टर ने अपने घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया था। घर में चार कैमरे लगे हैं। उन्होंने कैमरे में चोरों के कैद होने की आशंका जताई और डीवीआर में रिकार्डिंग होने की बात कही। लेकिन, बदमाश अपने पकड़े जाने और पहचान होने के डर से घर में रखे डीवीआर भी चोरी कर साथ ले गए हैं।
शहर में लगातार चोरी, हत्या जैसी वारदात हो रही हैं। ऐसे में मकान को सूनसान छोड़ना भी मुश्किल हो गया है। ट्रांसपोर्टर ने सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए थे। लेकिन, उन्हें क्या पता था कि चोर डीवीआर भी चोरी कर ले जाएंगे। ऐसे में शहर में घर से निकलना भी खतरे से कम नहीं है।

Advertisement Carousel