
कोरबा-कोरबी-चोटिया (खटपट न्यूज)। जिले के दूरस्थ वनांचल एवं विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत तनेरा हाईस्कूल में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य राम प्रसाद पात्रे के खिलाफ उनके अधीनस्थ कर्मचारियों सहित पूरे तनेरा संकुल के लगभग 2 दर्जन से अधिक शिक्षकों ने मनमानी और तानाशाही करने का आरोप लगाया है। हस्ताक्षरित शिकायत पत्र में प्राचार्य को हटाने की मांग बीईओ से की गई है।
तनेरा संकुल के समस्त शिक्षकों ने एक लिखित शिकायत पत्र पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड शिक्षा अधिकारी एलएस जोगी को सौंपते हुए कहा है कि प्रभारी प्राचार्य रामप्रसाद पात्रे के द्वारा पद भार ग्रहण करने के बाद से शिक्षक शिक्षिकाओं एवं सफाई कर्मी के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
इसके कारण संकुल केंद्र तनेरा के समस्त स्टाफ तनाव मुक्त होकर अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। आए दिन किसी न किसी शिक्षक एवं शिक्षिका से वाद विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है। शिक्षकों के साथ तानाशाही रवैया अपनाते हुए कहा जाता है कि मैं प्राचार्य हूं, मैं अपने तरीके से कार्य निष्पादित करूंगा, आपको जो करना है करिए ऐसा धमकी भरे शब्दों का प्रयोग करते है। शिकायत में यह भी लिखा गया है कि इन सभी समस्याओं को देखते हुए संकुल केंद्र तनेरा, में किसी ना किसी दिन कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। संकुल केंद्र तनेरा के शिक्षकों ने लिखित रूप से खंड शिक्षा अधिकारी एलएस जोगी से मांग की है कि इनके स्थान पर किसी और को प्रभार दिया जावे ताकि संकुल केंद्र तनेरा के समस्त शिक्षक भय व तनाव मुक्त होकर अपने कर्तव्य का निर्वहन कर सके। शिकायतकर्ताओं में शिक्षक मिथिलेश कुमार, मनीषा रिछारिया, हरिओम शरण जायसवाल, विजेन्द्र मरकाम, बिरबल कोसले, सुमेर सिंह श्याम, रमशीला बंजारे, सनथ कुमार साहू, चंद्रभान सिंह उइके, गोपाल प्रसाद यादव, विनोद जायसवाल, हीराधर अनंत, अभिलाषा माधो, सरस्वती कोसले, अंशकालिक सफाई कर्मी हरमंगल सिंह, सहस राम, निरंजन सिंह, रामकुमार, नोहर साय, जगदीश, भागवेन्द्र आदि शामिल हैं।
इस संबंध में बीईओ एल एस जोगी ने कहा है कि तनेरा हाईस्कूल के गंभीर मामले की संकुल के पूरे शिक्षकों ने लिखित रूप से शिकायत पत्र दिया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होते ही उचित कार्यवाही की जायेगी।















