Tuesday, September 22, 2026
Home कोरबा डॉ. साहू की बेटी ने बढ़ाया मान, कलेक्टर ने किया सम्मान

डॉ. साहू की बेटी ने बढ़ाया मान, कलेक्टर ने किया सम्मान

कोरबा,(खटपट न्यूज)। कोरबा शहर की निवासी डॉ. प्रीति साहू ने एमडी पैथोलाजी अध्ययन के दौरान गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने एमडी पैथोलाजी की परीक्षा में सबसे अधिक अंक हासिल कर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली जिले की पहली डॉक्टर होने का गौरव प्राप्त किया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा डॉ. साहू को विगत दिनों महाराष्ट्र के वर्धा स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। कलेक्टर रानू साहू ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए डॉ. साहू को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने डॉ. साहू को अच्छी सेवाएं प्रदान करने साथ ही पैथोलाजिस्ट के रूप में बीमारियों के पहचान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए शुभकामनाएं भी दी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. प्रीति साहू कोरबा के प्रसिद्व अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र साहू और मेडिकल कॉलेज कोरबा में महिला चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रही डॉ. ज्योति साहू की पुत्री हैं। डॉ. साहू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरूजन व अपने परिवार को दिया है। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई वर्धा स्थित दत्ता मेघे इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस से संबद्व जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से पूरी की है। इनका शोधपत्र एन्डोस्कोपिक बायोप्सी के द्वारा आहार नली में विभिन्न प्रकार के जख्मों व बीमारियों के अध्ययन के बारे में अंतराष्ट्रीय जनरल में भी प्रकाशित हो चुका है। इसके अतिरिक्त डॉ. साहू के छह शोधपत्र भी प्रकाशित हो चुके हैं।

Advertisement Carousel