छग के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किया गरीबों के मसीहा का सम्मान

रायपुर(खटपट न्यूज़)। ऑर्बिट मीडिया ग्रुप द्वारा रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 18जून को आयोजित छालीट्यूब अवॉर्ड समारोह में गरीबों के डॉक्टर अजय सहाय को समाज सेवा व सार्थक सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रियल लाइफ हीरो अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह के हाथों मिला। इस अवसर पर डॉ दिलीप षड़ंगी, संतोष जैन, सतीश जैन, मोहन सुंदरानी एवम मनोज वर्मा सहित सिने जगत की तमाम हस्तियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

अंचल में गरीबों के डॉक्टर और गरीबों के मसीहा के नाम से प्रसिद्ध डॉ अजय सहाय विगत साढ़े तीन दशकों से दूरस्थ ग्रामीण नक्सल प्रभावित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में चिकित्सा शिविरों के माध्यम अंतिम छोर के व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास कर रहे हैं। साथ में वे सामान्य बीमारियों, धूम्रपान, मदिरापान, अंधविश्वास और अन्य सामाजिक कुरीतियों के बारे में लोगो को प्रेरणादायी व्याख्यानों के माध्यम से जागरूक करते हैं। डीडी किसान चैनल द्वारा स्वच्छ भारत अभियान पर केंद्रित धारावाहिक “परिवर्तन” का निर्देशन डॉ सहाय ने किया था। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कानून के प्रति जागरूकता लाने से उद्देश्य से सन् 2018 और 2020/21 में आयोजित दूसरे और तीसरे राष्ट्रीय शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल्स में डॉ सहाय द्वारा लिखित निर्मित और निर्देशित शॉर्ट फिल्मों क्रमशः “कैसे बताऊं” और “नोनी” को प्रथम पुरस्कार मिले थे। डॉ सहाय ने दूरदर्शन के लिए दर्जनों टेलीफिल्मो, प्रोमोज़, डॉक्यूमेंट्रीज और नाना प्रकार के संदेशजनक कार्यक्रमों की पटकथाएं लिखी हैं और उनका निर्देशन भी किया है।सार्थक सिनेमा की रचना के लिए उन्हें मुंबई में दादासाहेब फाल्के एकेडमी अवॉर्ड मिल चुका है।














