0 तालाब और स्टॉप डेम निर्माण का मामला
कोरबा-कटघोरा(खटपट न्यूज़)। अपने अधिकारी और रेन्जरों/डिप्टी रेन्जरों और बाबू से लेकर आपरेटर की कार्यशैली के लिए चर्चित कटघोरा वनमंडल परिसर में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कम्प मच गया जब एक स्थानीय ठेकेदार ने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आत्मदाह करने की कोशिश की।

कटघोरा निवासी ठेकेदार अभय गर्ग ने ढाई साल पहले फरवरी-मार्च-अप्रैल 2019 में उसने केशलपुर में तालाब व जटगा वनपरिक्षेत्र में सोढ़ी नाला पार्ट-2में स्टॉप डेम का निर्माण कराया था। करीब 65 लाख रुपये का भुगतान लंबित है। वनमण्डलाधिकारी शमा फारूखी से कहने पर रेंजरों की तरफ से बिल पेश किए जाने की बात कहती हैं वहीं रेंजर भी जल्द भुगतान होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते। ढाई साल से विभाग के चक्कर काटकर थक जाने के बाद अब आत्महत्या के सिवाय कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा। ठेकेदार ने इस घटनाक्रम को तब अंजाम दिया जब डीएफओ दफ्तर से निकल कर बाहर आ रही थीं। नजारा देख वे वापस लौटीं और पुलिस को सूचना दी। इस बीच अभय के भाई अक्षय गर्ग भी जानकारी मिलते ही यहां पहुंच गए और काफी खरी-खोटी विभाग को सुनाया। कुछ देर बाद अभय को डीएफओ ने चर्चा के लिए बुलाया व सोमवार तक भुगतान करा देने का आश्वासन दिया। अभय ने कहा है कि सोमवार तक भुगतान नहीं हुआ तो किसी अज्ञात जगह जाकर आत्महत्या कर लेगा।
डीएफओ शमां फारूखी ने इस मामले में बताया कि ठेकेदार का यह पूरा काम तत्कालीन डीएफओ डीडी सन्त के कार्यकाल का है जिसकी ज्यादा जानकारी उन्हें नहीं है। फिलहाल उन्होंने रेंजर को कहा है कि यदि उक्त ठेकेदार दोनों ही निर्माण कार्य में शामिल रहा है तो तत्काल बीटगार्ड व अन्य अफसरों से प्रमाणन प्राप्त कर डिवीजन ऑफिस में जमा करें। उक्त भुगतान आने वाले चार दिनों के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















