Friday, March 27, 2026
Home कोरबा डिप्टी सीएम, होम मिनिस्टर, विधायक भी सड़क पर नहीं चढ़वा सके डामर….!

डिप्टी सीएम, होम मिनिस्टर, विधायक भी सड़क पर नहीं चढ़वा सके डामर….!

0 चिर्रा-श्यांग 13 किलोमीटर सड़क आज तक डामरीकृत नहीं
कोरबा (खटपट न्यूज़)। जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में आज भी लोग पक्की सड़क की बाट जोह रहे हंै। आजादी के कई वर्ष बाद भी आदिवासी क्षेत्रों में विकास देखने को नहीं मिल पा रहा है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के चिर्रा-श्यांग मार्ग लगभग 13 किलोमीटर तक की सड़क डामरीकृत नहीं हो पायी है। सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क से गिट्टी उखड़ चुकी है। लगभग 13 किलोमीटर का यह रास्ता आजादी के बाद से लेकर अब तक ज्यों का त्यों पड़ा है। यह स्थिति तब है जब इस विधानसभा क्षेत्र से अविभाजित मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार में स्व.प्यारेलाल कंवर डिप्टी सीएम रहे, बेबाक और वरिष्ठ भाजपा विधायक ननकीराम कंवर भाजपा सरकार में गृहमंत्री, वनमंत्री रहे और वर्तमान में भी विधायक हैं।

चिर्रा-श्यांग की सड़क

यहां रहने वाले करीब 10 गावों के लोग कच्ची सड़क से आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। पक्की सड़क नहीं होने के कारण अक्सर बारिश के मौसम में यह क्षेत्र पहुंचविहीन सा हो जाता है। जब कोई बीमार पड़ता है तो उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता है। श्यांग क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में सड़क चलने लायक तक नहीं रहती है। गांव में जब किसी की हालत गंभीर हो जाती है तो उसे चारपाई नहीं तो डोली में टांग कर ले जाना पड़ता है। कई बार मंत्री, विधायक, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों से पक्की सड़क निर्माण कराने गुहार लगा चुके हैं किन्तु सड़क निर्माण कब होगा, इसका भगवान ही मालिक है। जहां एक ओर प्रदेश के प्रत्येक गांव को शहर से जोड़ने के लिए सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कई गांवों की कच्ची सड़कें डामरीकृत होने का इंतजार ही कर रही हैं।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel