कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले में कुछ ऐसे विभाग हैं जहां दलाल काफी हावी हैं। खनिज विभाग में भी बहुत कुछ दलालों के इशारे पर चल रहा है। यहां ऐसे लोग ज्यादा सक्रिय हैं जो अपना मतलब साधने के लिए न सिर्फ विभाग के अधिकारियों के कंधे का सहारा ले रहे हैं बल्कि इनकी सांठगांठ से सरकारी गोपनीय दस्तावेज तक लीक हो रहे हैं। कुछ दलाल द्वारा अब ट्रैक्टर मालिकों और चालकों पर भी दबाव बनाने की बेजा कोशिश हो रही है।

बीते दिनों में प्रतिबंध अवधि में नदी घाटों से रेत का अवैध खनन कर विशाल पैमाने पर भंडारण और फिर उसे अवैध रूप से परिवहन करने तथा शासन से रॉयल्टी की चोरी का मामला हमने प्रमुखता से सामने लाया। परिणाम स्वरूप वर्तमान में रेत की अवैध गतिविधियां लगभग बन्द नजर आ रही हैं। हालांकि कुछ इलाकों में छोटे-छोटे स्तर पर बीच-बीच में अवैध रेत और परिवहन का काम चल रहा है लेकिन कार्यवाही सिर्फ उन्हीं पर हो रही है जिसमें खनिज विभाग के दलालनुमा लोगों का या तो अहित हो रहा है या फिर वे दुर्भावनावश उस पर कार्रवाई कराना चाहते हैं। अभी यह सिलसिला मिट्टी के मामले में कुछ ज्यादा देखने को मिल रहा है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि खनिज विभाग के द्वारा राजस्व की भूमि से खोदकर प्राप्त किए गए मिट्टी, मुरूम के अवैध खनन व परिवहन पर कार्रवाई का अधिकार है किंतु वह मिट्टी के ऐसे मामलों में भी दलालनुमा लोगों की शिकायत/हस्तेक्षप पर कार्रवाई कर रहा है जिसे एसईसीएल के डंपिंग एरिया से खोदकर निकाला जा रहा है। बताया जाता है कि एसईसीएल द्वारा वर्षों पहले अधिग्रहित की गई भूमि से कोयला खनन के दौरान उत्पन्न होने वाले मिट्टी को जहां एकत्रित किया गया है वह एरिया पहाड़ में तब्दील हो चुका है। खदान विस्तार हो या निर्माण के सिलसिले में इस ओवरबर्डन की मिट्टी को उपयोग में लाया जा रहा है। यह पहाड़ पूर्ण रूप से एसईसीएल की खदान से निकले मिट्टी का भंडारण है,इसे राजस्व भूमि से खोदकर नहीं निकाला गया है। ऐसे मिट्टी का परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों को रोक- रोक कर उनसे खनिज विभाग वसूली कार्यवाही कर रहा है। आरोप है कि चंद लोगों के द्वारा ट्रैक्टर मालिकों पर इस तरह की कार्यवाही करवा कर महीना वसूली का दबाव बनाना पर्दे के पीछे का सच है। अपना मतलब साधने के लिए दूसरों के पेट पर लात मारने की कोशिश हो रही है। इस पर त्वरित लगाम लगाना बहुत जरूरी है। इस तरह की कारवाही पर ट्रैक्टर मालिक और चालक जिला प्रशासन से शिकायत करने का मन बना रहे हैं जिसमें उक्त दलाल नुमा लोगों पर कार्रवाई की मांग भी शामिल है जो खनिज अमले की गोद में बैठकर ब्लैकमेलिंग के जरिए लाखों रुपए की अवैध कमाई करने में लगे हुए हैं जिसमें विभाग की भी अप्रत्यक्ष हिस्सेदारी न हो, यह अकल्पनीय है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















