Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा झूठ की बिसात पर लिखी गोलीकांड की स्क्रिप्ट…?जल्द खुलासे की उम्मीद

झूठ की बिसात पर लिखी गोलीकांड की स्क्रिप्ट…?जल्द खुलासे की उम्मीद

कोरबा(खटपट न्यूज़)। एसईसीएल की कुसमुंडा कोयला खदान के रेलवे साइडिंग में 3 दिन पहले हुए कथित गोलीकांड की कहानी थोड़ी-थोड़ी ही नहीं बल्कि अब लगभग पूरी तरह से झूठ लगने लगी है। झूठ की बिसात पर दिमागी शतरंज के घोड़े दौड़ाते हुए गोली मारने की झूठी स्क्रिप्ट लिखी गई है।
अब तक की प्रारंभिक जांच और तथ्यों के आधार पर यही प्रमाणित हो रहा है कि ना तो गोली चली और न चलाई गई बल्कि ऐसा कुछ दिखाने की कोशिश जरूर हुई है। डीजल माफिया साजिद खान के शागिर्द रहे सुमित कुमार चौधरी के द्वारा अपना वर्चस्व कायम करने और इसके लिए विरोधियों को कहीं ना कहीं गहरे और गंभीर मामले में फंसा कर रास्ते से दूर करने के लिए यह सारी कवायद किया जाना अब तक के घटनाक्रम के हिसाब से स्पष्ट हो रहा है। हालांकि पुलिस की जांच अभी भी जारी है और कुछ मेडिकल प्रामाणिकता की पुष्टि होना शेष है। प्राथमिक तौर पर चिकित्सक भी हैरान हैं कि क्या किसी को गोली इस तरह लग सकती है! उनका ओपिनियन अभी सामने आना शेष है। जो भी परीक्षण हुए हैं उसकी पूरी तह तक जा रही पुलिस हर तरह से पुष्ट होना चाहती है कि घटनाक्रम वास्तविक तौर पर क्या है? दूसरी ओर जिनके नाम इस पूरे मामले में घसीटे गए हैं, उन्होंने घटनास्थल पर या इसके आसपास दूर-दूर तक मौजूद नहीं होने तथा बेगुनाही के अपने प्रमाण पेश किए हैं।
0 आपराधिक षड्यंत्र का शिकार होने से बची पुलिस
सुमित के बयान एवं पुलिस की प्रारंभिक जांच में काफी भिन्नता पायी गयी है जो घटना को बनावटी बना रही है। जिन लोगों द्वारा गोली मारने की बात कही जा रही है या किसी और द्वारा गोली मारना भी संदेहास्पद लग रहा है। वैसे मेडिकल रिपोर्ट आते ही दूध का दूध पानी का पानी हो जायेगा। सूत्रों से मिली जानकारी में कहा जा रहा है कि मामले में किसी प्रकार की कोई गोली नहीं चली है। ऐसे में यह भी देखना होगा कि पुलिस को गुमराह करने वाले सुमित चौधरी पर क्या कार्यवाही होगी? इसमें कोई संदेह नहीं कि एक बड़ा आपराधिक षडयंत्र रचा गया और यदि पुलिस बारीकी से जांच नहीं करती तो आपराधिक षड्यंत्र का स्वयं भी शिकार हो जाती। अब पुलिस के लिए यह भी जरूरी हो चला है कि वह मामले की जड़ तक जाए।

ज्ञात हो कि सुमित कुमार चौधरी पिता मुरारी चौधरी उम्र 21 वर्ष निवासी तिफरा बिलासपुर के द्वारा थाना कुसमुंडा में रिपोर्ट दर्ज कराया गया है कि 28 नवम्बर की रात्रि में करीब 10 बजे रेलवे साइडिंग कुसमुंडा के पास आरोपी राजा खान,अशरफ और अभिषेक आनंद के द्वारा पूर्व रंजिश के कारण झगड़ा कर किसी ने जांघ में गोली मार दिया है। सुमित चौधरी को उपचार हेतु तत्काल जिला चिकित्सालय मैं भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत सामान्य है। मामले में थाना कुसमुंडा में अपराध क्र 569/2021 धारा 307 भादवि 25,27 आर्म्स एक्ट कायम किया गया है।
0 अभी जांच जारी है : एसपी
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि अभी प्रकरण में विवेचना जारी है। स्पष्ट तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। कुछ मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त हुए हैं जिनकी क्यूरी कराई जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट भी अभी आना शेष है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उससे जल्द ही अवगत कराया जाएगा।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel