कोरबा-दर्री, (खटपट न्यूज़)। युवा पत्रकार के साडा कालोनी स्थित निवास से परिजनों के मौजूदगी होते हुए भी कमरे से जेवरातों की चोरी के मामले में चोर बाहर का नहीं बल्कि घर के भीतर का ही निकला। काम करने वाली नौकरानी ने मौका देख-देखकर कई हजार रुपए नगदी पार कर दिया और एक झटके में जेवरात भी गायब कर दिए थे।

दर्री थाना अंतर्गत सरदार पटेल नगर निवासी युवा पत्रकार राजकुमार शाह के एलआईजी-371 स्थित आवास से 4 नवंबर को 6 हजार रुपए नगद एवं सोने का हार व झुमका की चोरी हो गई थी। करीब 1 लाख 75 हजार रुपए कीमती जेवर व 6 हजार नगदी चोरी की लिखित सूचना पर मौका मुआयना और प्रारंभिक विवेचना उपरांत धारा 380 भादवि का जुर्म दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू की गई। मामले में रहस्यमय यह था कि परिवार के सदस्यों के घर पर रहने के बाद भी और किसी तरह का ताला तोड़े और खोले बगैर ही चोरी हुई थी। एएसआई अजय सोनवानी ने मौका, मुआयना कर आवश्यक जांच-पड़ताल प्रारंभ की वहीं हवलदार चक्रधर राठौर ने मामले की विवेचना तेज की। आखिरकार घर में काम करने वाली नौकरानी जूली साहू निवासी फर्टिलाइजर बस्ती पर जाकर संदेह की सुई अटकी और कड़ी पूछताछ में उसने चोरी करना कबूल कर लिया।

बताया गया कि वह झाडू-पोछा लगाते वक्त आलमारी अथवा घर में असावधानीपूर्वक रखे गए नगदी रकम को अपने हवाले कर लिया करती थी। घटना दिनांक को उसे जेवर नजर आया और नियत बिगड़ गई। घर से चुराए गए सोना को उसने टीपी नगर में स्थित निजी जेना बैंक में गिरवी रख दिया और इसके एवज में 20 हजार रुपए का कर्ज लिया। इस कर्ज की राशि से जूली ने बाजार से दूसरा सोना खरीदा। पुलिस ने इस पूरे मामले में आरोपी जूली साहू द्वारा अपराध की स्वीकारोक्ति कर लेने उपरांत उसके निशानदेही पर सोने का लॉकेट, दाना, झुमका आदि चोरी गए सभी जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया गया। बताया गया कि आरोपी पति और 2 बच्चों के साथ रह रही थी और शाह परिवार के भरोसेमंद लोगों में शामिल थी।















