कोरबा(खटपट न्यूज़)। जुआरियों को कोरोना नहीं होता, इन्हें कानून का भी भय नहीं ? शायद इसीलिए बेख़ौफ़ होकर अपनी और दूसरों की जान के लिए अनजान दुश्मन की तरह काम कर रहे हैं। रविवार को जब जिला प्रशासन ने पूर्ण लॉकडाउन कर सब्जी, फल बेचने वालों तक के निकलने की मनाही कर दी, तब एक जगह इकट्ठा होकर जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को पकड़ा गया।ये सभी जुआरी बावन परी के साथ-साथ जलपरी (मछली) का भी मजा ले रहे थे। पुलिस ने इनके रंग में भंग डाल दिया।

कोतवाली टीआई निरीक्षक दुर्गेश शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत तुलसी नगर मोहल्ले में एकत्रित होकर रुपए-पैसों का दाव लगाकर जुआ खेलने वालों की धरपकड़ की गई। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आशीष सिंह ने स्टॉफ के सहयोग से 10 व्यक्तियों को जुआ खेलते मौके से पकड़ा। 52 पत्ती ताश एवं 12 हजार 130 रुपए जप्त कर 13 जुआ एक्ट एवं धारा 269,270 भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। आरोपियों में अभिमन्यु सिंह राठौर पिता राधेलाल राठौर 29 वर्ष, मनु कुमार पिता संतोष रजक 26 वर्ष, पुष्पेंद्र सिंह पिता रमेश सिंह ठाकुर 40 वर्ष, प्रताप सिंह पिता मेजर सिंह 31 वर्ष, सुरेश निर्मलकर पिता गणेश निर्मलकर 30 वर्ष, सूरज गुप्ता पिता संत कुमार गुप्ता 23 वर्ष, विजय निर्मलकर पिता अमर रथ निर्मलकर 24 वर्ष, प्रभात गुप्ता पिता अनिल गुप्ता 23 वर्ष, महेंद्र गुप्ता पिता स्वर्गीय गया गुप्ता 30 वर्ष, सत्यवान सिंह राठौर पिता राधेलाल राठौर 26 वर्ष तुलसी नगर शामिल हैं।















