कोरबा-बालकोनगर (खटपट न्यूज)। दो साल से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और फिर मुकर जाने के मामले में युवती ने जिसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसे पुलिस दो साल से तलाश रही थी, पीड़िता उसी की पत्नी बनकर साथ रहने लगी थी। दर्ज मामले में आरोपी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर कोरबा लाया गया।
दरअसल मामले में पीड़िता द्वारा 15 मार्च 2018 को इस प्रेमी की लिखित शिकायत बालको थाना में की गई थी। पीड़िता के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर के निवासी ओमप्रकाश चंद्रा ने पीड़िता से फेसबुक के जरिए संपर्क स्थापित कर दोस्ती बढ़ाया। बात बढ़ने पर शादी करने का झांसा दिया और लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में किए गए वादे से मुकर गया और शादी करने से इनकार कर दिया जबकि पीड़िता गर्भवती भी हो गयी थी। पीड़िता की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 113/2018 पर धारा 376, 417 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

इस घटनाक्रम की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई जब ग्राम जैजैपुर निवासी ओमप्रकाश का रिश्ता तय करने बालको में युवती के घर परिजन पहुंचे। लड़की को घर वालों ने पसंद कर लिया लेकिन बाद में किसी बात पर रिश्ता नामंजूर हुआ। रिश्ता तो टूट गया लेकिन ओमप्रकाश व युवती के बीच दोस्ती बढ़ती गई। 2016 से 2018 के मध्य इनके बीच शारीरिक संबंध कई बार बने। गर्भवती होने पर युवती ने विवाह के लिए कहा तो ओमप्रकाश मुकर गया तब उसके विरुद्ध रिपोर्ट की गई। मामले की जांच-पड़ताल के दौरान ओमप्रकाश फरार हो गया। इधर जब ओमप्रकाश के घर वालों ने दूसरी जगह उसका रिश्ता तय करना चाहा तब ओमप्रकाश ने पुलिस में की गई शिकायत व कार्रवाई से बचने के लिए परिजनों को किसी तरह मनाकर पीड़िता से विवाह कर लिया। करीब छह माह पूर्व विवाह करने पश्चात विवाह प्रमाण पत्र और युवती सहित युवक बिलासपुर हाईकोर्ट में पेश हुआ और अपने विरुद्ध दर्ज धारा 376, 417 के प्रकरण में अग्रिम जमानत हासिल कर लिया। इधर दर्ज मामले में आरोपी की तलाश बालको पुलिस कर रही थी। महिलाओं से संबंधित अपराधों में धर-पकड़ के लिए मिले उच्च निर्देश के परिपालन में कोरबा एसपी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में बालको थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मुखबिर की सूचना पर मातहतों के साथ उड़ीसा प्रांत के कटक में दबिश दी। यहां ओमप्रकाश के साथ युवती भी मिली। पुलिस ने ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर कोरबा लाया और चूंकि उसे अग्रिम जमानत मिल चुकी है और पीड़िता भी किसी तरह की कार्रवाई अब नहीं चाहती, इसलिए मुचलका पर ओमप्रकाश को थाना से जमानत दे दी गई।















