कोरबा (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ सहित कोरबा जिले में कोरोना संक्रमण के कारण बिगड़ते हालात पर भाजपा ने समय रहते व्यवस्था नहीं करने पर सरकार व प्रशासन को आड़े हाथों लिया। कोरबा जिले में डीएमएफ के भारी-भरकम मद के बाद भी जीवन रक्षक रेमडेसिविर की कमी व सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधा में अवरोध पर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए और इसे चिंताजनक बताया।

सोमवार को हुई वर्चुअल प्रेसवार्ता में पूर्व कलेक्टर एवं भाजपा प्रदेश मंत्री ओपी चौधरी, पूर्व गृह मंत्री एवं रामपुर विधायक ननकीराम कँवर, भाजपा जिला संगठन प्रभारी गिरधर गुप्ता, भाजपा जिला संगठन सह-प्रभारी विक्रांत सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह उपस्थित रहे। इन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और लापरवाही भरे फैसलों के कारण आज छत्तीसगढ़ के हालात भयावह हैं। कोरबा जिले में मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि डीएमएफ़ की सबसे अधिक राशि जिले को प्राप्त होती है, फिर भी रेमेडिसिविर एवं अन्य दवाईयों की कमी, सीटी स्कैन जैसे आवश्यक मशीनों की अनुपलब्धता और उपलब्ध रहने पर उनका काम नहीं करना गहरी चिंता का विषय है। विधायक ननकीराम कंवर ने कहा कि दवाईयों की कमी होना प्रशासन की घोर लापरवाही है। मेरे द्वारा स्वयं भी 2-4 मरीजों की जब चिंता की गई तो उनके लिए भी दवाईयों की व्यवस्था करने में पसीने छूट गए। वर्चुअल पत्रवार्ता में गोपाल मोदी, संतोष देवांगन, टिकेश्वर राठिया, मनोज मिश्रा, पवन सिन्हा, अमीलाल चौहान, नवदीप नंदा, अजय चंद्रा आदि भी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
















