
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा ब्लॉक के पंचायत सचिव सुरेशचंद्र सिंह तंवर को उनकी गंभीर बीमारी के ईलाज के लिए कोरबा जिला सचिव संघ परिवार की ओर से 1 दिन का वेतन कटौती कर यथासंभव आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। ग्राम अजगरबहार स्थित उनके निवास पर जाकर कुल संग्रहित राशि 2 लाख 13 हजार 48 रुपए उनकी धर्मपत्नी श्रीमती विजयलक्ष्मी तंवर एवं परिवार को सहयोग के रूप में प्रदान किया गया। सचिव श्री तंवर की बड़ी पुत्री जिनको नीट की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला है, उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की गई । इस अवसर पर कोरबा सचिव संघ के जिला अध्यक्ष धरम भारद्वाज, मेहंदी हसन ,ब्लाक अध्यक्ष कोरबा संत लाल ने अस्वस्थ साथी श्री तंवर से सौजन्य मुलाकात कर उनका हाल जाना व सचिव संघ परिवार की ओर से हर संभव मदद करने आश्वासन देते हुए शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।















