Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा जांजगीर से कोरबा में खपाने लाया जा रहा 195 कट्टी धान पकड़ा...

जांजगीर से कोरबा में खपाने लाया जा रहा 195 कट्टी धान पकड़ा तहसीलदार ने, मालवाहक दो वाहन और धान जप्त…

कोरबा(खटपट न्यूज़)। प्रदेश में जहां धान खरीदी अब अपने अंतिम चरण की ओर है वहीं कई लोग दीगर जिले का धान खपाने की कोशिशों में भी लगे हुए हैं। इन पर निगरानी रखने का काम जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल के निर्देशानुसार कराया जा रहा है। इसी कड़ी में बरपाली में पदस्थ तहसीलदार पंचराम सलामे ने बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे दो मालवाहक वाहनों को पकड़कर कुल 195 कट्टी धान की जब्ती की है।


मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लबेद में यह कार्रवाई हुई है। मुख्य मार्ग में जांच पड़ताल के दौरान तहसीलदार श्री सलामे ने पिकअप क्रमांक सीजी 12 एएम 9131 को पकड़ा। इस पिकअप में 70 कट्टी धान भरा हुआ था जो बरपाली निवासी मुरु महाराज के यहां ले जाया जा रहा था। वाहन में चालक चंदू से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए जो वह उपलब्ध नहीं करा सका। बताया जा रहा है कि जांजगीर से यह धान लाया जा कर मुरु महाराज के यहां डंप करना था। पिकअप वाहन भी उसी की है। इसी तरह ग्राम पटियापाली निवासी प्रवीण शर्मा के यहां उसके मेटाडोर क्रमांक सीजी 12 एक्यू 3725 में जांजगीर-चांपा जिले के गोलियारीमुड़ा से 125 कट्टी धान लादकर लाया जा रहा था। यह धान प्रवीण शर्मा के यहां डंप होना था। लबेद मार्ग में पड़ताल के दौरान यह धान पकड़ा गया। इस मेटाडोर में चालक भूपेंद्र कंवर के अलावा तीन हमाल भी सवार थे।तहसीलदार श्री सलामे ने दोनों वाहनों और धान को जप्त करते हुए उरगा थाना में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया है। इस प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही जारी है।

Advertisement Carousel