कोरबा(खटपट न्यूज़)। व्यवसाय के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से ग्रामीणों को ऋण दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस लेकर 29 लोगों को ठगने का काम हुआ है। 2 साल पूर्व हुई शिकायत पर अब जाकर एफआईआर दर्ज हुई है।

जानकारी के मुताबिक हरदीबाजार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सरईसिंगार में निवासरत 29 लोगों को दिनेश पटेल मूल निवासी जांजगीर के द्वारा ठगा गया। वर्ष 2018 में दिनेश पटेल ने खुद को टीपी नगर कोरबा का निवासी बताकर एवं आरटीओ सलाहकार, ड्राईविंग लाइसेंस, नाम ट्रांसफर, समस्त आरटीओ संबंधी कार्य करने, पैन कार्ड बनवाने, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत लोन जीरो प्रतिशत ब्याज दर में दिलाने का कार्य करने वाला प्रचारित किया गया। लोन सलाहकार बने दिनेश पटेल ने लक्ष्मीन बाई, हेमलता, श्यामबाई, गीता दुबे, रमशिल्ला, बिमला, उर्मिला नामदेव, पंकज नामदेव, नीलेश, सदानंद, विजय, परशूराम, किशुन, राजकुमार, कौशिल्या, सतानंद, गुनित राम, राकेश, राजेश, कुंज बिहारी, रामप्रसाद, रामकुमारी, ज्ञान सिंह, पुष्पा, बसंत भैना, सजन बाई, बिन्दा, कांति, मुकेश, वैदेही, पार्वती को जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कोरबा से 25-25 हजार रुपए का व्यवसायिक लोन दिलाने की बात कही। इसके एवज में 5-5 हजार रुपए प्रोसेसिंग खर्च इन सभी से लिया जो लगभग डेढ़ लाख रुपए होता है। रुपए और लोन से संबंधित दस्तावेज लेकर जाने के बाद 17 दिसंबर, 20 दिसंबर, 22 दिसंबर, 26 दिसंबर, 29 दिसंबर 2018 को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक का कौशल प्रशिक्षण के लिए लिस्ट दिनेश पटेल के द्वारा जिला व्यापार उद्योग केंद्र का सील लगाते हुए दिया गया लेकिन उसके द्वारा पुन: तिथि बदल दी गई। इसके बाद इन लोगों को गुमराह करता रहा और रुपए तथा कागजात वापस मांगने पर धमकाने लगा। लोगों ने पता किया तो ज्ञात हुआ कि वह टीपी नगर नहीं बल्कि जांजगीर का निवासी है। पीड़ितों ने 11 जून 2019 को इस मामले की शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया था। हरदी बाजार पुलिस चौकी प्रभारी निरीक्षक अभय बैस ने बताया कि शिकायत पर जांच उपरांत हरदीबाजार पुलिस चौकी में लक्ष्मीन बाई की रिपोर्ट पर दिनेश पटेल जांजगीर के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया है।















