Monday, March 23, 2026
Home कोरबा जहरीले इश्क का शिकार हुआ प्रेमी, प्रेमिका ने रची साजिश

जहरीले इश्क का शिकार हुआ प्रेमी, प्रेमिका ने रची साजिश

कोरबा(खटपट न्यूज)। प्रेमिका की सगाई से विचलित प्रेमी ने उसे शादी करने से रोका तो प्रेमिका का इश्क जहर में तब्दील हो गया। मिलने के लिए बुलाकर प्रेमी ने मिन्नतें की और अपने साथ शादी करने का दबाव बनाया तो प्रेमिका ने सारे कस्में-वादों और संवेदनाओं को दरकिनार कर जान से मारने की कोशिश की। प्रेमिका ने शराब में जहर मिलाकर प्रेमी को पिला दिया।
जानकारी के मुताबिक एसएस प्लाजा स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला संजय कुमार 31 वर्ष वैसे तो शादीशुदा है। कुछ माह पहले उसका किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई। इस बीच संजय की मुलाकात एक लड़की से हुई और दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीने-मरने की कस्में खाई और साथ रहने का सपना संजोया। इस बीच युवती की सगाई हो गई। संजय को उसकी सगाई का पता चला तो उसने शादी करने से मना किया। प्यार का वास्ता दिया, पर युवती नहीं मानी। संजय ने उसे मिलने के लिए इंदिरा स्टेडियम बुलाया। इस दौरान संजय साथ में शराब की बोतल व डिस्पोजल लेकर पहुंचा था। युवती ने आते ही संजय से कहा कि उसके लिए भी कुछ खाने का सामान लेकर आए। खाने का सामान लेकर पहुंचने के बाद बात करते हुए संजय शराब पीने लगा। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और संजय वहीं गिर पड़ा।

संजय के बताए अनुसार उसने प्रेमिका से उसे अस्पताल ले चलने को भी कहा, पर वह नहीं मानी। कहा कि अब तेरा समय आ गया है, इसके बाद वहां से भाग गई। इसके बाद उसे याद नहीं। सुबह होश आया तो खुद को जिला अस्पताल के वार्ड में पाया। युवक ने पुलिस में शिकायत की है संजय ने बताया कि होश में आने के बाद उसने सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंची कर शिकायत की है। हालांकि उससे चौकी प्रभारी नवल साव ने कहा है कि पहले इलाज कराओ, कार्रवाई जरूर होगी। फिलहाल युवक का उपचार अभी जारी है। चौकी प्रभारी नवल साव ने बताया कि एक युवक चौकी आया था। उसने गर्लफ्रेंड के साथ विवाद होना बताया है। जिला अस्पताल चौकी से बयान मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।

Advertisement Carousel