Wednesday, March 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ जशपुर आज बन्द, भाजपा ने किया आव्हान, मृतक के परिजन को 50...

जशपुर आज बन्द, भाजपा ने किया आव्हान, मृतक के परिजन को 50 लाख मुआवजा…

घटना का हौलनाक दृश्य

रायपुर/जशपुर(खटपट न्यूज़)। जशपुर जिला के पत्थलगांव में हुए हिट एंड रन की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मृतक के परिवार को 50 लाख रूपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर पत्थलगांव में दुर्गा/जंवारा विसर्जन के दौरान एक तेज रफ्तार एसयूवी कार श्रद्धालुओं की भीड़ को रौंदते हुए आगे निकल गयी। इस घटना में जहां एक शख्स की मौत हो गयी, वहीं 16 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तत्काल इस घटना में संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर उपचार का निर्देश दिया है। जशपुर कलेक्टर रितेश अग्रवाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 4 शख्स को तत्काल बेहतर ईलाज के लिए रायगढ़ रिफर किया गया है, जहां उनकी हालत धीरे-धीरे बेहतर बताई जा रही है। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। इस बीच खबर है कि उड़ीसा से मध्यप्रदेश गांजा खपाने जा रहे उक्त दुर्घटनाकारित एसयूवी कार सवार दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लेने की खबर है।
0 हादसे के बाद सियासत गर्म
पत्थलगांव में हुए हादसे के बाद जशपुर जिले में सियासत गर्म हो गयी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मृतक के आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा व घायलों को 25-25 लाख देने एवं घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शनिवार को एक दिवसीय बन्द का आव्हान भाजपा ने किया है। इधर पूरे मामले पर नजर रख रही राज्य सरकार ने बिलासपुर आईजी रतन लाल डांगी को जशपुर भेजा है।

Advertisement Carousel