Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा जय श्री राम के नारों से गूंज रहा शहर, भव्य शोभायात्रा में...

जय श्री राम के नारों से गूंज रहा शहर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब, दुकानों को बंद कर शामिल हो रहे व्यापारी भी


कोरबा(खटपट न्यूज़)। हिंदू नव वर्ष के अवसर पर हिंदू क्रांति सेना और सर्व हिंदू समाज के द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। इस शोभायात्रा को लेकर कोरबा शहर वासियों सहित उप नगरीय क्षेत्रों के लोगों में भी गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। उप नगरों से भी लोगों का शहर में आने का सिलसिला जारी है। विभिन्न प्रदेशों से आई झांकियों ने लोगों में रोमांच के साथ श्रद्धा का भाव भर दिया है। शोभायात्रा के ठीक पहले मौसम ने अपनी बेरुखी दिखाई और मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद भी आयोजको व नगरजनों का उत्साह कम नहीं हुआ और वह शोभायात्रा में शामिल हो रहे हैं। कोसाबाड़ी से सर्व हिंदू समाज की शोभायात्रा झांकियों के साथ प्रारंभ हो रही है तो वहीं हिंदू क्रांति सेना की शोभा यात्रा की तैयारी सीतामढ़ी चौक से जारी है। श्री राम जानकी मंदिर, सीतामढी में पूजा के पश्चात शोभायात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है। बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं के जय श्रीराम के जयघोष से शहर गूंज रहा है। बच्चों और युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है वहीं दूसरी ओर अनेक व्यवसाई अपने प्रतिष्ठान दोपहर 3 बजे के बाद बंद कर परिवार सहित इस शोभायात्रा में शामिल हो रहे हैं। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत करने एवं शामिल लोगों को स्वल्पाहार, शरबत, पेयजल आदि का वितरण करने के लिए सेवाभावी एवं समाजसेवी तथा विभिन्न संगठनों के लोग जुटे हैं।

Advertisement Carousel