रायपुर/कोरबा (खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने शासन द्वारा जनसंपर्क सहित अन्य विभागों में राज्य प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार की जा रही पदस्थापना व संचालक जैसे संवेदनशील पद पर एक कनिष्ठ राज्य प्रशासनिक अधिकारी को संचालक बनाने के विरोध में प्रदेश के सभी संभागीय और जिला मुख्यालयों के जनसम्पर्क विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी 11 अक्टूबर 2021 को काली पट्टी लगाकर काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस संदर्भ में छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय सहित मुख्य सचिव, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, सचिव जनसम्पर्क विभाग और आयुक्त जनसम्पर्क संचालनालय रायपुर एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ को 6 अक्टूबर 2021 को विधिवत ज्ञापन दिया जा चुका है। इसी के तहत राजधानी रायपुर के जनसम्पर्क संचालनालय से लेकर सभी जिलों के जनसम्पर्क कार्यालयों के समस्त अधिकारी कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में काली पट्टी लगाकर कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ द्वारा संचालनालय के संचालक पद पर राज्य प्रशासनिक सेवा अथवा अन्य सेवाओं के अधिकारी के स्थान पर जनसम्पर्क विभाग के ही वरिष्ठ अधिकारी को पदस्थ करने की मांग की गई है। वहीं मंत्रिमंडल द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुरूप छत्तीसगढ़ संवाद में जनसम्पर्क अधिकारियों के प्रतिनियुक्ति के पदों पर जनसम्पर्क विभाग के ही अधिकारियों को पदस्थ करने सहित अन्य मांगे रखी गई हैं।
छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ की मांगों का छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी पुरजोर समर्थन करते हुए यह मांग की है कि जनसंपर्क विभाग तथा अन्य विभागों में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की तत्काल वापसी की जाए तथा अन्य विभाग के अधिकारियों की राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की जगह पदस्थापना करें।
0 12 को पेन डाउन हड़ताल करेंगे
11अक्टूबर को काली पट्टी लगाकर प्रदेश भर में विरोध दर्ज कराने पर भी सरकार यदि उक्त नियुक्ति को वापस नहीं लेती तो 12 अक्टूबर को जनसंपर्क के अधिकारीगण पेन डाउन हड़ताल करेंगे। छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ प्रदेश भर में जनसंपर्क अधिकारियों के समर्थन में 12 अक्टूबर को काली पट्टी लगाकर काम करेंगे। छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने प्रदेश के समस्त राजपत्रित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि 12 अक्टूबर को संघ के प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने सहयोग प्रदान करें।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















