Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा छात्र को मारपीट कर जंगल में छोड़ा,रात भर…..,यह थी वजह

छात्र को मारपीट कर जंगल में छोड़ा,रात भर…..,यह थी वजह


कोरबा (खटपट न्यूज)। एक छात्र को साथ घुमाने-फिराने के नाम पर ले जाकर रात में सुतर्रा के जंगल में मारपीट कर छोड़ दिया गया। वह पूरी रात भटकता रहा। मामले में दो लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक दर्री थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांवकला का रहने वाला युवक देवा कक्षा 12वीं का छात्र है। वह 26 जुलाई को आईबीपी दर्री से बस में बैठकर पुस्तक खरीदने कटघोरा के लिए निकला। 12 बजे कटघोरा पहुंचा और पैदल अंबिकापुर-बिलासपुर चौक से आगे आत्मानंद स्कूल की तरफ पुस्तक दुकान की ओर जा रहा था। रास्ते में राकेश पुरी और राहुल गिरी मिले और घूमकर आने की बात कही। छात्र इनके साथ मोटरसायकल में बैठकर चला गया। राकेश पुरी बाइक चला रहा था। शाम तक उसे कटघोरा में इधर-उधर घुमाते रहे और करीब 6.30 बजे राकेश ने अपनी साली से शादी करने की बात ग्राम बसीबार के लोगों से कहने का प्रस्ताव छात्र के समक्ष रखा। छात्र ने उम्र से 4 साल बड़ी राकेश की साली से शादी नहीं करने की बात कही तो उस पर लगातार दबाव बनाते रहे। रात करीब 11.30 बजे छात्र को सुतर्रा के जंगल ले जाकर राकेश और राहुल ने बार-बार दबाव डाला कि उसे साली से शादी करना ही पड़ेगा। यह कहते हुए दोनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए डंडा से बुरी तरह हाथ-पैर, पीठ, सीना में मारा। उसे चोटिल हालत में सुतर्रा के जंगल में छोड़कर राकेश और राहुल चले गए। छात्र रातभर जंगल में भटकता रहा। दूसरी दिन मोबाइल से अपनी मां को सूचना दिया और परिजनों को घटना से अवगत कराया। इलाज कराने उपरांत पीड़ित ने कटघोरा थाना में रिपोर्ट दर्ज करा दिया है, जिस पर राकेश पुरी व राहुल पुरी के विरुद्ध धारा 294, 323, 34, 506 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

Advertisement Carousel