
रायपुर(खटपट न्यूज़)। राज्यसभा सदस्य हेतु कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लिए 2 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। यहां से श्रीमती रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। राजीव शुक्ला जाने माने पत्रकार रहे हैं और रंजीत रंजन बिहार के बाहुबली नेता पप्पू यादव की पत्नी हैं। रंजीत रंजन सांसद रह चुकी हैं। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस की 2 सीटों पर जीत तय है, वहीं भाजपा स्थानीय को मौका नहीं दिए जाने को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमलावर भी है। नाम की घोषणा के बाद कांग्रेस ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई है जो सुबह 11 बजे से कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, रायपुर में प्रस्तावित है।

बता दें कि भाजपा के रामविचार नेताम और कांग्रेस की छाया वर्मा का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो रहा है। 10 जून तक छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए दो सांसदों का चुनाव किया जाना है। 31 मई को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। छत्तीसगढ़ के 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 71 विधायक हैं।
0 31 विधायकों का समर्थन जरूरी,इस तरह होता है चुनाव
राज्यसभा चुनाव में मतदान की पद्यति है। रिक्त सीटों की संख्या में 1 जोड़कर कुल विधायकों की संख्या का विभाजन किया जाता है। आए नतीजों में फिर 1 जोड़कर न्यूनतम वोटरों की संख्या तय होती है। आप इसे ऐसे भी समझ सकते हैं। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा के लिए 2 सीटों पर चुनाव होने हैं। 2 में 1 जोड़कर संख्या 3 हो जाती है। अब विधायकों की कुल संख्या यानी 90 को 3 से भाग देने पर 30 भागफल आएगा। इस 30 में 1 जोड़ा तो संख्या 31 होगी। यानी किसी प्रत्याशी को जीत के लिए कम से कम 31 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी।















