चोरों की हद: गोबर को भी नहीं छोड़ा, गौठान से 8 क्विंटल गोबर की कर ली चोरी….

0 अन्य घटना में दीपका जीएम कार्यालय से पार हो गई बाइक
कोरबा (खटपट न्यूज)। जिले में अनेक तरह की चोरियां सुनने को मिलती रहती है, लेकिन चोरों ने अब अपनी हद कुछ इस तरह पार कर ली है कि वे अब गोबर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। सरकार ने गोबर के महत्व को समझते हुए बाजार में इसकी कीमत तय कर दी है। 2 रुपए प्रति किलो की दर से बेचे जा रहे हैं और इससे बनी खाद की भी खासी कीमत मेहनत करने वालों को मिल रही है। सरकार ने यत्र-तत्र फेंकाने वाले गोबर की कीमत क्या तय कर दी तो यह भी चोरों के नजर में भी चढ़ गया है और पुलिस को यह दिन भी देखने पड़ रहे हैं कि वह गोबर चोर को तलाशे। आखिर एफआईआर हुई है तो चोर पकड़ना भी पड़ेगा।

हैरान कर देने वाली यह चोरी कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम विजय नगर ढुरेना में हुई है। ग्राम गोठान समिति ढुरेना के गोठान में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर केंचुआ खाद का निर्माण स्वसहायता समूह द्वारा किया जाता है। समूह ने इस कार्य के लिए वर्मी टांका में गोबर भरकर रखा था। 8-9 जून की दरम्यिानी रात अज्ञात चोरों ने टांका से 8 क्ंिवटल गोबर कीमत 1600 रुपए की चोरी कर ली। गोठान समिति ढुरेना के अध्यक्ष खम्भहन सिंह कंवर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अपने स्तर पर खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गोठान में मौके पर शराब की खाली शीशी जरूर मिली है। फिलहाल प्रकरण में धारा 379 भादवि के तहत दीपका पुलिस ने जुर्म दर्ज कर गोबर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने यह भी चुनौती है कि चोर पकड़ ले तो गोबर कहां से और कैसे जप्त होगा?

चोरी की एक और घटना एसईसीएल के दीपका महाप्रबंधक कार्यालय परिसर से हुई है। अमरैया पारा कोरबा निवासी एम नागेश्वर राव कबीर सेल्स रायपुर के प्रीतम अरोरा का गियर बॉक्स सेल का काम देखता है। दीपका-गेवरा-कुसमुण्डा खदान में इसकी सप्लाई होती है। 11 जून को शाम करीब 7.30 बजे कंपनी के काम से नागेश्वर जीएम कार्यालय दीपका गया था। प्रीतम अरोरा की मोटरसाइकिल हीरो एच-एफ डिलक्स सीजी-10 एक्स 5835 को जीएम कार्यालय परिसर में खड़ा किया और बारिश होने के कारण वहीं छोड़कर मित्र के साथ कार में कोरबा आ गया। दूसरे दिन सुबह 10 बजे दीपका जीएम कार्यालय जाने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। नागेश्वर की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel