
कोरबा (खटपट न्यूज) । हरदीबाजार व दीपका क्षेत्र के मुख्य बाईपास सड़क निर्माण कार्य व मरम्मत सहित स्ट्रीट लाइट व खंभों में सरल क्रमांक डालने और उड़ते कोल डस्ट को रोकने नियमित पानी का छिड़काव की मांग की गई है। इस हेतु जनप्रतिनिधियों ने एसईसीएल व जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 15 दिन का समय दिया है। इस अवधि में कार्य और सुधार नहीं हुए तो आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
कटघोरा जनपद क्षेत्र क्रमांक-13 की सदस्य एवं उद्योग एवं सहकारिता विभाग सभापति प्रभा सिंह तंवर, हरदीबाजार के जनपद सदस्य अनिल टंडन व सरपंच अनसुईया कंवर, बृज कुंवर, निशू राज ने इस संबंध में पहल की है। प्रभा सिंह व अनिल टंडन ने संयुक्त रूप से बताया कि बीते कई वर्षों से क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की जर्जर हालत के कारण दुर्घटनाओं में कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हंै। भारी वाहनों के चलने से उड़ने वाली धूल व कोल डस्ट से लोगों का रहना और आवागमन मुश्किल हो गया है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और कई प्रकार की बीमारियों से क्षेत्र के लोग ग्रसित हो रहे हंै। क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों ने कई बार एसईसीएल प्रबंधन व शासन-प्रशासन को अवगत कराया है जिस पर अभी तक किसी प्रकार से प्रबंधन के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किया जा रहा है। एक बार फिर एसईसीएल के प्रबंधन को ज्ञापन के जरिए अवगत कराया है। जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि इन 15 दिनों के भीतर यदि सड़क का निर्माण कार्य नहीं कराया जाता है तो मजबूरन 16 वें दिन चक्का जाम, गेट जाम, खदान कार्य को बाधित कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इन सब के लिए एसईसीएल प्रबंधन व शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा। एसईसीएल के अधिकारियों ने ज्ञापन लेते हुए जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त कर भरोसा दिलाया है कि सड़क के कार्य को तीव्र गति से कराया जाएगा।
















