कोरबा(खटपट न्यूज़)। सोशल मीडिया पर बदनाम करने के लिए एवं महिला के मोबाइल नंबर को अपलोड कर कामोत्तेजक बातें लिखने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है।

पीड़ित महिला ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट लिखाई थी कि राहुल राज नामक व्यक्ति 2 माह से फोन पर अश्लील गालियां, गंदी-गंदी बातें कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर भी गंदी बातें बोलकर बदनाम करता है। रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध धारा 294, 506, 506 (2), 509 (ख) भादवि तभा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया गया। टीआई दुर्गेश शर्मा के नेतृत्व में आरोपी की तलाश शुरू हुई तो निहारिका क्षेत्र में छिपे होने का पता चला। एसआई हेमंत पाटले, लालन पटेल, एएसआई बीपी खांडेकर, आरक्षक दीपेश प्रधान, विक्रम नारंग व देवेन्द्र राजपूत ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपराध कबूल करने उपरांत गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्यवाही की गई।
0 मोबाइल एप का दुरूपयोग न करें : दुर्गेश

कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा ने आम जनता से पुन: अपील की है कि फेसबुक, वाट्सअप, इंस्ट्राग्राम आदि मोबाइल एप का दुरूपयोग न करें। सभी प्रकार के सोशल साइट्स में किसी प्रकार की व्यक्तिगत व अनाधिकृत टिप्पणी न करें साथ ही साइबर अपराध के प्रति लोग जागरूक रहें।















