Monday, March 23, 2026
Home कोरबा चक्रवाती तूफान मिचौंग के कारण जनजीवन प्रभावित

चक्रवाती तूफान मिचौंग के कारण जनजीवन प्रभावित



कोरबा (खटपट न्यूज)। चक्रवाती तूफान मिचौंग के कारण ऊर्जाधानी में भी सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। चक्रवात के प्रभाव से सोमवार आधी रात के बाद ऊर्जाधानी में बारिश हुई और आज दिन भर थम-थम कर यह सिलसिला जारी रहा। बारिश की वजह से लोगों की दिनचर्या व कामकाज प्रभावित हुए। हालांकि आज मंगलवार साप्ताहिक व्यापारिक अवकाश का दिवस होने से बाजार पर कुछ खास प्रभाव तो नहीं पड़ा लेकिन इस तरह का मौसम आगामी दिनों में भी रहने की संभावना बने रहने से असर पडऩा स्वाभाविक है। 
पिछले दो-तीन दिनों से सुबह से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। सूर्यदेव की तपिश काफी कम होने के साथ-साथ उनके दर्शन भी नहीं हुए है। बदली छाए रहने और हवाओं के कारण शीतलहर से ठंड बढ़ी रही। बारिश के कारण इसमें और तेजी आई है। लोग गर्म कपड़ों के साथ घर से बाहर निकल रहे हैं। बारिश बंद होगी और मौसम साफ होगा तो और ठण्ड बढऩे की उम्मीद है। आज सुबह से बारिश के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। मौसम की मार का असर किसानों व सब्जी उत्पादकों पर भी पड़ा है। खेतों में अभी भी धान की कटी हुई फसलें मौजूद है जो पानी में भीगने के कारण किसान चिंतित है। खेतों से खलिहान तक पहुंचे धान की मिसाई भी अनेक किसान नहीं करा पाए हैं और उन पर भी मौसम की मार सीधे तौर पर पड़ी है। किसानों के द्वारा विधानसभा चुनाव के परिणाम का इंतजार किया जा रहा था और जब परिणाम आया तो मौसम ने इस खुशी को कम कर दिया है। किसान अपने धान को सूखाने की चिंता में लगा है। इधर मौसम की वजह से सब्जियों की फसल भी प्रभावित हुई है जिसके कारण माना जा रहा है कि सब्जियों के दाम में तेजी आएगी।

Advertisement Carousel