0 3 घण्टे ही घर खाली छोड़ा और हो गई वारदात
कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले विभिन्न थाना क्षेत्रों में बढ़ती चोरियों ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। अब तो चोरों ने दिन में भी घर मे घुसना शुरू कर दिया है। सीएसईबी कालोनी में इस एक अलग वारदात इन कालोनियों में रहने वाले पुलिस कर्मियों को भी भयभीत कर दिया है जो अपना घर छोड़कर ड्यूटी पर रहते हैं।

कलेक्टोरेट के सामने सीएसईबी कालोनी के मकान क्र.- एनई-98 में निवासरत राज साहू डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह सिविल विभाग में जूनियर इंजीनियर पदस्थ है। वह कल शुक्रवार को सुबह करीब 10.15 बजे कार्यालय जाने के लिए घर से निकला। दोपहर करीब 1.20 बजे वह घर लौटा और दरवाजे का ताला खोलकर धक्का दिया तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। कुछ देर ठहरने के बाद वह तत्काल घर के पीछे पहुंचा जहां खिड़की की जाली फेंकी हुई मिली। बाथरूम की खिड़की टूटी हुई थी और झांककर देखा तो आंगन का दरवाजा खुला मिला। चोर पीछे की खिड़की के रास्ते भीतर घुसकर आंगन के दरवाजे से घर में घुसे और 50 हजार नगद लेकर चलते बने। राज ने डॉयल 112 एवं रामपुर पुलिस चौकी को मौके से ही घटना की जानकारी दी, लेकिन चोर अपना काम कर जा चुके थे। माना जा रहा है कि चोरों ने पहले से इस घर की रेकी की रही होगी और राज साहू के ड्यूटी जाते ही वारदात करने घुस गए। बता दें कि एक दिन पहले ही सीएसईबी कॉलोनी पथर्रीपारा के एनई-54 में निवासरत पूर्व बैंक प्रबंधन रामकिशोर श्रीवास्तव एवं एनई-55 में निवासरत सुरक्षाकर्मी के सूने घर से चोरी को अंजाम दिया गया। बुधवारी निवासी चंद्रशेखर के सूने मकान से जेवरात एलईडी टीवी व अन्य सामान की चोरी कर ली गई।
0 बांकीमोंगरा में तो रेलपांत की चोरी कर रहे-

बाँकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल के बंद पड़े बांकी 5-6 नंबर खदान भी कबाड़ चोरों के निशाने पर हैं। सूत्र बताते हैं कि दीपका से कबाड़ और रेलपांत की चोरी के तार जुड़े हुए हैं। पूर्व में संचालित एसईसीएल की इस खदान से कोयले के निर्यात के लिए रेल लाईन बिछाई गई थी परन्तु कबाड़ चोरों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि उन्होंने 4 नंबर मेन माइंस से घुड़देवा जाने वाली लाईन को भी गायब कर दिया है। पूर्व में यहां रेड लाईन बिछी हुई थी, यह बताने के लिए जगह-जगह अवशेष के रूप में मौजूद पटरियां काफी हैं। एसईसीएल के लोग भी इस ओर ध्यान नहीं देते और पुलिस प्रशासन का अपना अलग राग है।
0 पीडीएस संचालक के घर व दो अन्य घरों में हुई चोरी
गुरुवार रात बांकीमोंगरा थानांतर्गत मोंगरा बस्ती में तीन घरों में चोरी हो गई। थाना के करीब 1 किलो मीटर के अंतर्गत स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक चित्रेश बर्मन के घर से 35 हजार रूपये नगद, समार साय के घर से 1 मोबाइल, 1 टार्च और 5 हजार रुपये नगद तथा प्रहलाद कुर्रे के घर से 1800 रूपये नगद की चोरी हुई है। जिस वक्त चोरों ने वारदातों को अंजाम दिया, उक्त सभी घरों के सदस्य घर में अलग-अलग कमरे में मौजूद थे, लेकिन चोरी की भनक नहीं लगी। पुरानी चोरियां भी अनसुलझी हैं।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















