0 मांगते हैं आईकार्ड, निर्वाचन कार्यालय से नहीं किया गया है जारी
0 बीएलओ ने पुलिस चौकी में की शिकायत,कई अभद्रता सह कर खामोश
कोरबा (खटपट न्यूज)। भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र को आधार नंबर से लिंक करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश के पालन में बूथ लेवल ऑफिसर(बीएलओ) के द्वारा स्थानीय निर्वाचन अधिकारी, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है।

अपने संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर बीएलओ द्वारा मतदाताओं से उनके आधार नंबर और मोबाइल नंबर लिए जाकर निर्वाचन आयोग के पोर्टल में एंट्री किया जा रहा है। कर्मचारी जो बीएलओ हैं उनके द्वारा घर-घर दस्तक दी जा रही है। पिछले कई दिनों से बीएलओ खासकर महिला बीएलओ की शिकायत रही है कि उन्हें अपेक्षित सहयोग मतदाता के द्वारा नहीं मिल रहा है और वापस लौटा दिया जाता है। बीएलओ से आदेश और पहचान पत्र मांगा जाता है जबकि बीएलओ को पहचान पत्र निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी नहीं किया गया है। पूर्व में यदि कभी आई कार्ड जारी किए भी गए हैं तो अधिकांश बीएलओ के पास मौजूद नहीं हैं। इसकी वजह से कई तरह की व्यवहारिक दिक्कतें आ रही हैं। आधार नंबर अक्सर बैंक से लिंक होते हैं और लोगों के साथ धोखाधड़ी भी हो रही है इसलिए लोग आधार नम्बर देने में आनाकानी करते हैं। बीएलओ के पास निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र होने से समस्या काफी हद तक दूर होगी। पिछले दिनों ही टीपी नगर स्थित लालूराम कालोनी के अनेक घरों से उपेक्षित हुए बीएलओ ने लगातार अपनी बात स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष रखी लेकिन निराकरण और आई कार्ड जारी करने का काम नहीं हो सका है। इसका खामियाजा कई बीएलओ अभद्रता के तौर पर भुगत रहे हैं।
इसी क्रम में सहायक शिक्षक (एलबी) वार्ड 18 पथर्रीपारा की बीएलओ है। 27 अगस्त को सर्वे कार्य के लिए यहां गई थी तब कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा अभद्रता पूर्वक व्यवहार कर घर से निकाल दिया गया। गाली-गलौज भी किया गया। सूचना उच्च अधिकारी को दी गई तब उन्होंने थाना में सूचना देने के लिए कहा। बीएलओ ने रामपुर पुलिस चौकी में सानू के विरुद्ध लिखित शिकायत कर दिया है। ऐसे कई बीएलओ हैं जो अभद्रता का शिकार हो रहे हैं लेकिन शिकायत के पचड़े में नहीं पड़ना चाहते।
0 बीएलओ को सहयोग करें, अभद्रता नहीं : एसडीएम
इस मामले में कोरबा एसडीएम व निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हरिशंकर पैकरा ने बताया कि उन्हें घटनाक्रम की जानकारी है और कार्यवाही के लिए पुलिस अधिकारी को कहा गया है। श्री पैकरा ने मतदाताओं से कहा है कि वे निर्वाचन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को उनके द्वारा मांगे जाने वाले दस्तावेज, आधार नंबर, मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएं। किसी भी बीएलओ अथवा निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारी से अभद्रता न करें अन्यथा उनके विरुद्ध पुलिस कार्यवाही की जाएगी।















