Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा ग्राम सभा मेंअधिकारी ना पटवारी,ना मैदानी अमला ना ग्रामीण, कार्यवाही पूरी ...

ग्राम सभा मेंअधिकारी ना पटवारी,ना मैदानी अमला ना ग्रामीण, कार्यवाही पूरी हो गई, मामला ग्राम बरपाली का


0 सभी गाँवों में 14 अप्रैल से ग्राम सभा के हैं निर्देश
0 ग्राम सभा में मिट्टी बचाने का भी लिया जाएगा संकल्प
0 कलेक्टर नेे ग्राम सभा में शत-प्रतिशत गणपूर्ति सुनिश्चित करने दिए हैं निर्देश

कोरबा-बरपाली(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के सभी गांवो में 14 अप्रैल से ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में खाद्यान्न योजनांतर्गत ग्रामीणों को राशन वितरण, हितग्राहियों को पेंशन, मनरेगा के तहत कार्य, पोषण अभियान एवं जल जीवन मिशन जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही मिट्टी बचाओ कार्यक्रम के तहत धरती के अच्छे भविष्य के लिए मिट्टी बचाने का संकल्प भी लिया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने गांवो में ग्राम सभा बैठक आयोजित करने और बैठक में ग्रामीणों की शत-प्रतिशत उपस्थिति-गणपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होने ग्राम सभा सम्मेलन का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। ग्राम सभा में गणपूर्ति सुनिश्चित कराने का दायित्व संबंधित गांव के सरपंच, पंच एवं सचिव को सौंपा गया है। जारी आदेशानुसार सभी विकासखण्डों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायतों में ग्रामवार, ग्रामसभा के सम्मेलन के लिए समय सारणी निर्धारित कर अनुविभागीय अधिकारी के अनुमोदन से प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। ग्राम सभा में विकासखण्ड स्तर के मैदानी-क्षेत्रीय कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
निर्देश के परिपालन में 14 अप्रेल को कोरबा अनुविभाग के करतला ब्लाक के ग्राम बरपाली में भी ग्राम सभा हुई। ग्राम सभा की बैठक की अध्यक्षता पूर्व पंच गोंविद राम यादव ने की। लेकिन सभा में शासकीय कर्मचारी, पटवारी, शिक्षक नहीं पहुंचे।
बरपाली में पदस्थ कर्मचारी अतिरिक्त तहसील, राजस्व निरीक्षक,पटवारी, शासकीय महाविद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक शाला, प्राथमिक आश्रम शाला, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, भारतीय स्टेट बैंक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, करारोपण, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद अस्पताल विभाग, सहकारी समिति आदि संचालित हैं लेकिन इन विभागों के अधिकारी-कर्मचारी नहीं पहुंचे। मात्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,सहायिका लोग ही पहुंच कर जानकारी लिए-दिए। अनुपस्थित विभाग के कार्यो की जानकारी नहीं मिल सकी जबकि ग्राम सभा में इन विभागों के एजेंडे को सम्मिलित किया गया है। प्राथमिक विद्यालय बरपाली के शाला विकास समिति के अध्यक्ष ने वहां पहुंचकर विद्यालय परिसर के अंदर जर्जर भवनों को तोड़ने का प्रस्ताव रखा जिस पर उपस्थित सभी ने सहमति जताई। साथ ही अनुपस्थित विभागीय जिम्मेदारअधिकारी-कर्मचारी, पटवारी पर कार्यवाही के लिए उच्चाधिकारियों से शिकायत की बात कही गई।

Advertisement Carousel