
कोरबा (खटपट न्यूज)। ग्राम तरदा एवं भलपहरी के ग्रामीणों ने ठेकेदार के माध्यम से समतल जमीन में राखड़ फेंके जाने की शिकायत पूर्व गृहमंत्री व रामपुर विधायक ननकीराम कंवर से की थी। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी सूचना दिया गया था लेकिन किसी भी तरह की कार्यवाही न होने से निराश ग्रामीणों ने विधायक ननकीराम कंवर के नेतृत्व में चक्का जाम करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। श्री कंवर का कहना है कि ग्राम तरदा एवं भलपहरी में वर्षों से खेती किए जा रहे किसानों के खेतों में ठेकेदार के द्वारा राखड़ डंपिंग किया जा रहा है जिससे किसानों का फसल नुकसान हुआ है। निस्तार हेतु बनाए गए तलाब को भी राख से भर दिया गया है एवं कुआ में भी राखड़ डाला जा रहा है जो कि पूर्ण रूप से अवैध है। जिस स्थान के लिए अनुमति दी गई है उसी स्थान पर राखड़ नहीं डाला जा रहा है।

श्री कंवर ने गंभीर आरोप लगाया कि ग्रामीणों को ठेकेदार के द्वारा ज्यादा विरोध करने पर ट्रेलर के नीचे कुचलवा देने की धमकी तक दी जाती है। श्री कंवर ने राखड डंपिंग कराने वाले ठेकेदार व संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध तत्काल अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी व राखड़ डंपिंग से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। श्री कंवर व ग्रामीणों ने कहा है कि यदि संबंधित ठेकेदार व कंपनी के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध नहीं किया जाता है तो भूख हड़ताल करेंगे। उक्त जानकारी श्री कंवर के विधायक प्रतिनिधि अनिल चौरसिया ने दी है।















