कोरबा (खटपट न्यूज)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड गेवरा में हादसों का दौर जारी है। लगातार पिछले कई महीनों से यहां पर घटनाएं घट रही है। ताजा मामले में कार्य के दौरान एक वाटर टैंकर जलकर खाक हो गया। टैंकर की डीजल टंकी में लीकेज और शॉर्ट-सर्किट की वजह से यह घटना होना बताया जा रहा है। चलती टैंकर में आग लगने का यह कोई नया मामला नहीं है। रखरखाव के अभाव में करोड़ों रुपए के वाहनों में आग लगने की दुर्घटना लगातार हो रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गेवरा खदान के वेस्ट सेक्शन के 150 डंपयार्ड में ऑपरेटर अविनाश प्रताप सिंह टैंकर लेकर पहुंचा था। इस दौरान इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ। ऑपरेटर ने किसी तरह चलती वाहन से कूद कर अपनी जान तो बचा ली मगर टैंकर पूरी तरह से जल कर खाक हो गया। लगातार हो रही आग लगने की घटनाओं से वाहनों के मेंटनेंस, रख-रखाव और एसईसीएल के जिम्मेदार अधिकारियों की इन पर निगरानी सवालों के घेरे में हैं।














