गुरुचरण का इस्तीफा मंजूर,MLA देवेन्द्र होंगे छग ओलम्पिक संघ के नए महासचिव

रायपुर(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव रहे गुरुचरण सिंह होरा का इस्तीफा मंजूर हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष की हैसियत से ये इस्तीफा स्वीकृत किया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने मंत्रालय ने इसकी जानकारी भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा को भी भेज दी है। इसके बाद होरा की जगह अब भिलाई नगर के विधायक देवेन्द्र यादव छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव की जिम्मेदारी सम्भालेंगे।बता दें कि एक विवादित ऑडियो टेप आने के बाद 20 सितम्बर 2022 को गुरुचरण सिंह होरा ने अपना इस्तीफा दे दिया था हालांकि इस्तीफे में किसी वायरल ऑडियो टेप की जगह स्वास्थगत कारणों का हवाला उन्होंने दिया था।
इसके बाद पिछले महीने ही ओलम्पिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष बशीर अहमद खान ने एक बैठक बुलाकर पूर्व महासचिव गुरुचरण सिंह होरा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इस बैठक में 29 में से 20 सदस्य शामिल हुए और सभी ने इस पर सहमति जताई थी और होरा को हटाकर MLA देवेन्द्र यादव को महासचिव बनाया गया।
अविश्वास प्रस्ताव इसलिए लगाया गया क्योंकि 8 अगस्त 2020 से गुरुचरण सिंह होरा महासचिव के पद पर निर्विरोध चुने गए थे लेकिन उन्होंने अब तक ना कार्यकारिणी की बैठक बुलाई और ना ही सामान्य सभा ली जबकि नियमानुसार साल में एक बार सामान्य सभा आयोजित करने का नियम है। होरा पर आरोप था कि संघ के आय-व्यय की ऑडिट रिपोर्ट कार्यकारिणी और सामान्य सभा में पेश नहीं की गई। इसके अलावा उन्होंने कोषाध्यक्ष पद के इस्तीफे के स्वीकृत हुए बिना ही अपनी मनमानी से उस पद पर दूसरे व्यक्ति को बैठा दिया था। होरा के खिलाफ यह भी शिकायत आई थी कि उन्होंने नेशनल में गई टीम में भी खेलों के कोच और मैनेजर की जगह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भेज दिया था और दोस्तों रिश्तेदारों के रुकने के लिए लग्जरी होटल किया गया था जबकि खिलाड़ियों के रुकने की बेहतर व्यवस्था नहीं थी।

Advertisement Carousel