Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा गुमराह कर अविश्वास प्रस्ताव में कराया हस्ताक्षर, शून्य कर निरस्त करने लामबंद...

गुमराह कर अविश्वास प्रस्ताव में कराया हस्ताक्षर, शून्य कर निरस्त करने लामबंद हुए जनपद सदस्य

कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा जनपद पंचायत में 15वेंं वित्त एवं जनपद विकास निधि की राशि आबंटन को लेकर चले आ रहे तकरार के मध्य जनपद के गलियारे में उपाध्यक्ष के विरूद्ध अध्यक्ष एवं जनपद सदस्यों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की सूचना में नया मोड़ सामने आया है। जिन सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव की सूचना में हस्ताक्षर किए हंै उनमें से कईयों ने अपनी असहमति जताते हुए सही जानकारी दिए बगैर व सच्चाई छिपाकर उपाध्यक्ष के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव में हस्ताक्षर करना बताया है। हस्ताक्षरित आवेदन कलेक्टर सहित जिला पंचायत सीईओ एवं कोरबा एसडीएम को प्रेषित करते हुए उपाध्यक्ष श्रीमती कौशल्या देवी वैष्णव के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव में कराए गए हस्ताक्षरों को शून्य मानते हुए प्रस्ताव को निरस्त करने का आग्रह किया है।

इन सदस्यों ने यह भी मांग की है कि जनपद विकास निधि तथा 15वें वित्त की राशि सभी सदस्यों को समान रूप से आबंटित किया जाए ताकि जनपद क्षेत्रों में विकास हो तथा जनपद सदस्यों की उपेक्षा न हो पाए। इन्होंने कहा है कि विकास राशि को कुछ बाहरी लोग अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए 2-3 पंचायतों में ही आबंटित करा लिए है जो सर्वथा अनुचित है। जनपद विकास निधि में सभी सदस्यों का समान अधिकार है और उपाध्यक्ष श्रीमती वैष्णव की इस नीति और विचार से हम सभी सहमत है। 28 सितंबर 2021 को जारी अविश्वास प्रस्ताव की सूचना के बाद 4 अक्टूबर को जनपद उपाध्यक्ष कौशल्या वैष्णव, क्षेत्र क्रमांक 1 की जनपद सदस्य जगलाल राठिया, क्षेत्र क्र. 2 के सदस्य दिगपाल सिंह कंवर, क्षेत्र 6 की सदस्य बलराम साहू, 9 के सदस्य रेणुका राठिया, क्षेत्र क्र. 12 की सदस्य रासकुमारी, 14 की सदस्य सावित्री बाई राठिया, क्षेत्र क्र. 21 की सदस्य शकुंतला कैवर्त, क्षेत्र 17 के सदस्य शिवकुमार कर्ष, क्षेत्र 20 की सदस्य मोनिका अरविंद भगत ने अविश्वास प्रस्ताव में किए अपने हस्ताक्षर को शून्य मानते हुए निरस्त करने का आग्रह किया है।
0 कभी उपाध्यक्ष का करीबी रहा, अब लाभ के लिए अध्यक्ष के पाले में
जनपद उपाध्यक्ष कौशल्या वैष्णव ने कहा है कि उनकी छवि खराब करने के लिए यह सब प्रपंच किया जा रहा है। पुत्र आशुतोष वैष्णव उन्हें कार्यालय में छोड़ने और लाने के लिए साथ आता है और उसके ऊपर लगे आरोप गलत हैं। दूसरी ओर जनपद सूत्रों की माने तो यहां दो ठेकेदारों को उपकृत करने के लिए अध्यक्ष के इशारे पर सारा खेल रहा है। इनमें से एक व्यक्ति ऐसा भी है जो पहले उपाध्यक्ष के परिवार के काफी करीब था लेकिन उसके द्वारा कार्यों के संबंध में किए गए छल कपट उजागर होने के बाद उसने अब अध्यक्ष से नजदीकियां बढ़ा ली हैं। जिधर बम उधर हम की तर्ज पर यह व्यक्ति काम कर रहा है। उक्त दोनों व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के कारण किए जा रहे प्रपंच से जनपद की बदनामी भी हो रही है।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel