
कोरबा (खटपट न्यूज)। पाली थाना अंतर्गत ग्राम नुनेरा एवं बांधाखार के व्यापारियों की संयुक्त बैठक माध्यमिक शाला प्रांगण नुनेरा में रविवार को थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर ने ली। श्री राठौर ने बताया कि दुकान एवं गांवों में होने वाली चोरियों एवं सड़क दुर्घटना की संख्या में लगातार इजाफा होते जा रहा है जिसके नियंत्रण, चोरों एवं दुर्घटनाकारित वाहनों की पहचान के लिये गांव के चौक-चौराहों में सार्वजनिक सीसीटीवी कैमरे लगाकर फुटेज के माध्यम से अपराधियों तक पहुंचा जा सकता है या फिर उनकी पहचान की जा सकती है। साथ ही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। व्यापारियों ने इस पर अपनी सहमती प्रदान करते हुए जल्द ही ग्राम नुनेरा व बांधाखार के चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर ग्राम की सतत निगरानी कैमरे द्वारा करने का निर्णय लिया। बैठक में ग्राम नुनेरा एवं बांधाखार के व्यापारी, जनप्रतिनिधि व ग्रामवासी उपस्थित थे।
















