Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा गलत नाम बताकर बुरे फंसे जुआरी, एफआईआर के प्रबल आसार

गलत नाम बताकर बुरे फंसे जुआरी, एफआईआर के प्रबल आसार


0 मोरगा में पूर्व उपसरपंच के जुआ फड़ में पहुंचे थे नामी-गिरामी सरकारी कर्मचारी और नेता भी
कोरबा (खटपट न्यूज़)। जिले के सीमांत बांगो थाना क्षेत्र के मोरगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम मोरगा में सूचना पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने दबिश दी। अंतरजिला जुआरियों का 31 लोगों का गिरोह यहां पकड़ा गया जो क्षेत्र के पूर्व उपसरपंच सुनील उर्फ पप्पी अग्रवाल द्वारा छापा दिनांक से लगभग 15 दिन पहले से प्रारंभ किए गए फड़ में प्रति जुआरी 1 हजार रुपए देेकर जुआ खेल रहे थे। यहां से 31 लोगों को गिरफ्तार कर 4 लाख 15 हजार रुपए से अधिक नगदी एवं चार पहिया दो वाहन जप्त किए गए। जुआरियों पर 13 जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया जाकर इन्हें जमानत मुचलका पर छोड़ दिया गया। अब यह बात सामने आई है कि कुछ जुआरियों ने पुलिस को अपने गलत नाम बताए जो इनके लिए पृथक से गले की हड्डी बनने वाली है।

ग्राम मोरगा के पूर्व उपसरपंच सुनील उर्फ पप्पी अग्रवाल ने अपना नाम सुनील उर्फ बप्पी जायसवाल पिता रामकुमार ग्राम मोरगा लिखवाया। ग्राम पंचायत केंदई के सचिव वेंकट प्रताप सिंह की जगह संकेत रमन पिता बिंदेश्वर सिंह ग्राम केंदई लिखाया गया। डिप्टी रेंजर विकास कुमार की जगह विकास सिंह पिता केदार सिंह ग्राम केंदई लिखवाया गया। इसी तरह कोरबी निवासी एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश जायसवाल का नाम सूरज कुमार जायसवाल पिता जगदीश प्रसाद ग्राम कोरबी लिखवाया गया। इसी तरह क्षेत्र के नामी गिरामी लोगों व शासकीय कर्मियों ने अपने नाम की गलत जानकारी जानबूझकर दी। सामाजिक बुराई जुआ के फड़ में हार-जीत का दांव लगाने वाले सचिव, डिप्टी रेंजर के विरुद्ध विभाग क्या कार्यवाही करता है यह तो समय बताएगा और अनुशासित पार्टी कही जाने वाली भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष का भी नाम जुआरियों की सूची में शामिल हुआ है तो पार्टी उन पर क्या एक्शन लेगी, यह भी देखने वाली बात है। इधर दूसरी ओर पुलिस के साथ गलत नाम बताकर कानून से छल करने वाले इन लोगों के विरुद्ध जल्द ही धाराओं का एक और शिकंजा कसने वाला है। पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल ने विभिन्न माध्यमों से इस तरह की जानकारी सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लिया है। पकड़े गए जुआरियों की पहचान, उनके नाम की तस्दीक और सत्यता का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि नाम छिपाने और गलत जानकारी देने वालों के विरुद्ध तस्दीक पूरी हो जाने के बाद विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी।
0 अवैध कार्यों में पप्पी की है गहरी संलिप्तता
क्षेत्र में संचालित होने वाले अवैध गतिविधियों व कार्यों में सुनील उर्फ पप्पी अग्रवाल की गहरी संलिप्तता रही है। तत्कालीन कलेक्टर के कार्यकाल में पप्पी अग्रवाल के ठिकाने पर बड़ी कार्यवाही हुई थी। इसके द्वारा डीजल टैंकरों को अपने ठिकाने में ले जाकर डीजल की चोरी कराने के साथ उसे बाजार में खपाने का काम किया जाता रहा। फड़ लगाकर जुआ खेलाने के अलावा और भी दूसरे अवैध कार्यों में इसकी संलिप्तता रही है जिस पर पुलिस और प्रशासन ने पूर्व में भी कार्यवाही की है। तमाम हिदायतों और निर्देशों के बाद भी मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र में जुआ का बड़ा फड़ संचालित करने और तत्काल कार्यवाही नहीं होने से स्थानीय प्रभारी और अधीनस्थ कर्मियों की कार्यशैली पर सवाल भी उठ रहे हैं।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel