0 नाला तक जाकर भटका खोजी डॉग
कोरबा,(खटपट न्यूज़)। शुक्रवार को एक हृदय विदारक घटनाक्रम में अज्ञात आरोपी के द्वारा एक गर्भवती गाय की हत्या कर उसके पेट में पल रहे बच्चे की चोरी कर ली गई।
मामला रामपुर पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत आने वाले ढेंगुरनाला क्षेत्र का है। ढेंगुरनाला के किनारे इस पार के जंगल में गर्भवती गाय का शव मिला है जिसका मांस और पेट फाड़कर बच्चा गायब कर दिया गया। गाय के भंग हुए अंग भी आसपास के झाड़ियों में बिखरे मिले।

यह गाय पथर्रीपारा निवासी चंद्रमोहन यादव की थी। उसके मुताबिक दो दिन पहले शाम 4 बजे तक हर दिन की तरह उसकी छह माह की गर्भवती गाय वापस घर नहीं लौटी तो खोजबीन शुरू की गई। उसने रामपुर पुलिस चौकी को भी गुमशुदगी के संबंध में सूचना दी। इस बीच खोज-बीन के दौरान ढेंगुरनाला के पहले जंगल में गाय का शव मिलने की सूचना पर चंद्रमोहन यादव व पुलिस कर्मी पहुंचे। गाय क्षत-विक्षत हालत में मिली और उसका मांस सहित पेट फाड़कर बच्चा चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी होते ही बाल-गोपाल गौ सेवा समिति के पदाधिकारी भी घटनास्थल और फिर पुलिस सहायता केंद्र पहुंचे।

पुलिस कर्मियों ने डॉग स्क्वाड की मदद से गाय के हत्यारे की तलाश का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया गया कि खोजी डॉग बाघा घटनास्थल से अज्ञात आरोपी की गंध सूंघते हुए ढेंगुरनाला तक पहुंचा और किनारे पर थम गया। माना जा रहा है कि आरोपी ढेंगुरनाला को पार कर आगे बढ़ गए जिसकी वजह से उनका गंध यहीं समाप्त हो गया और बाघा के कदम नाला तक जाकर थम गए। दूसरी ओर इस घटना से पशुपालकों व गौ सेवकों में शोक मिश्रित आक्रोश व्याप्त है वहीं आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने का आग्रह पुलिस से किया गया है। जानकार बताते हैं कि तंत्र-मंत्र के लिए इस तरह की हरकत की जाती है।
















