कोरबा (खटपट न्यूज)। खेत देखने गए एक किसान पर भालू ने हमला कर जख्मी कर दिया। किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार कोरबा वनमंडल के ग्राम केराकछार में गुरुवार शाम करीब 5 बजे केराकछार निवासी सुख सिंह पिता इतवार सिंह 35 वर्ष अपने खेत को देखने गया था। इस दौरान उसका सामना पेड़ के पीछे छिपकर बैठे भालू से हो गया। भालू को देख सुख सिंह वहां से निकल पाता कि इससे पहले भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में सुख सिंह का दायां जबड़ा व कंधा जख्मी हुआ है। किसी तरह किसान ने अपने पास रखे डंडे से भालू का मुकाबला किया और उसे भगाने के साथ ही मदद के लिए गुहार लगाई। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण वहां पहुंचे तथा उसके परिजन को भी सूचना दी। वन विभाग को सूचित करने के साथ ही डॉयल 112 वाहन को बुलाया और जख्मी सुख सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार जारी है। विभाग की ओर से तत्कालिक सहायता राशि रूपए 500 उपलब्ध करा दी गई है। वन विभाग उसके इलाज का संपूर्ण खर्चा वाहन करेगा।
















