खरीदी केंद्र में मनमानी : पूरा धान बेचने से पहले ही ऑपरेटर ने फ्रीज़ कर दिया किसानों का खाता…क्या, कार्यवाही होगी…?

कोरबा-कटघोरा (खटपट न्यूज़)। जिले के कई धान खरीदी केन्द्रों में निर्धारित मात्रा से अधिक धान लेने के मामले सामने आने और जांच की औपचारिकता के मध्य अब पूरा धान बेचे बगैर ही दर्जनों किसानों का खाता उनकी सहमति बिना फ्रिज कर देने का मामला उजागर हुआ है।

फाइल फोटो

कटघोरा विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम अखरापाली धान खरीदी केंद्र में दर्जनों किसानों के खाते फ्रीज़ कर दिए गए जिससे अब वो धान बिक्री से वंचित हो गए हैं। यहां पदस्थ ऑपरेटर रामेश्वर अनंत ने यह कार्य किया है। किसानों का आरोप है कि ऑपरेटर ने ज़बरदस्ती खाते फ्रीज़ कर दिए हैं जिससे उन्हें धान बिक्री में समस्या हो रही है और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अब 12 से 14 रुपये प्रति किलो में धान बेचने किसान मजबूर होगा। कार्यवाही के अभाव में कंप्यूटर ऑपरेटर के हौसले बुलंद हैं जो किसानों से छल करने में लगा हुआ है। खिलावन राठौर, गेत राम साहू, ईश्वर राठौर, मेलु सिंह कंवर, धेनु राम बिंझवार सहित अन्य किसानों के खाते फ्रीज़ कर दिए हैं। ज्यादातर किसानों का 50 से ज्यादा क्विंटल धान अभी बेचना बचा हुआ था। स्थानीय पत्रकार ने जब ऑपरेटर से फ्रीज़ किये खाते की जानकारी मांगी तो अभद्रता पर उतर आया।
जनपद बिरदा की सदस्य श्रीमती ममता दामोदर राठौर ने मामला गंभीर बताते हुए जानकारी दी कि उन्होंने खुद खरीदी केंद्र में जाकर इसका विरोध किया। ऐसे मामलों में बड़े अधिकारियों को संज्ञान लेना चाहिए। पत्रकारों ने जानकारी मांगी जिसे छिपाने के लिए ऑपरेटर द्वारा अभद्रता से पेश आना भी गलत है।

0 ये किसान नहीं बेच पाए अपना धान


अखरापाली धान खरीदी केंद्र अंतर्गत ग्राम मुढ़ाली निवासी जैत कुमार साहू को कुल 145 क्विंटल धान का उत्पादन प्रमाण मिला है जिसमें 72 क्विंटल धान की बिक्री हुई है। बाद में दूसरी बार टोकन कटवाने जाने पर कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा खाते को फ्रीज़ कर देने की सूचना दी गयी। कुल बचे 73 क्विंटल धान को अब बिक्री नहीं कर पा रहा है जबकि आने वाले दिनों में उसके घर में शादी है।
ग्राम भाठीकुड़ा निवासी रामधन पिता तुलाराम ने बताया कि वह 30 क्विंटल धान का उत्पादन प्रमाण पत्र में से केवल 9 क्विंटल धान ही बेच पाया है और उसके खाते को फ्रीज़ कर दिया गया है जबकि उसने खाता फ्रीज़ नहीं कराया है।

Advertisement Carousel