0 दो नाबालिग सहित 6 चोरों से 10 मोटर साइकिल बरामद
कोरबा(खटपट न्यूज़)। विभिन्न थाना क्षेत्रों से हो रही मोटर साइकिलों की चोरी के मामलों में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुद ग्राहक बनकर 6 चोरों को दबोचकर इनके निशानदेही पर 5 लाख रुपए कीमती 10 मोटर साइकिल बरामद किए गए।
लगातार हो रही मोटर साइकिलों की चोरी की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के निर्देशानुसार व कोरबा सीएसपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा के द्वारा अपने मुखबिरों को सक्रिय कर लगातार संदेहियों पर नजर रखी जा रही थी। इस बीच सूचना मिली कि मोतीसागरपारा में एक युवक मोटर साइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। टीआई दुर्गेश शर्मा की योजनानुसार पुलिस कर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। शीतला मंदिर के पास होण्डा ड्रीम युगा बाइक के साथ खड़ा युवक सौदेबाजी कर रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और कोतवाली जाकर पूछताछ शुरू की। कड़ी पूछताछ में उसने मोटर साइकिल बगदेवा से चोरी करना बताया।

पकड़े गए युवक सागर रजक उर्फ कृष्णा पिता अनिल रजक 27 वर्ष निवासी रतनपुर थाना के सामने की जानकारी के आधार पर गौतम कुमार विश्वकर्मा पिता मनेजर सिंह 21 वर्ष ग्राम चटुवाभौना पाली, दिनेश सोनवानी उर्फ छोटे पिता उमेंद सोनवानी 19 वर्ष तहसीलभाठा कटघोरा व धन सिंह धनुहार पिता स्व. लखनलाल 24 वर्ष ग्राम सोनपुरी कुसमुंडा को पकड़ा गया। इन चारों ने विधि से संघर्षरत 2 बालकों के साथ मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी करना बताया। कुसमुंडा, दीपका, कटघोरा, पाली व बांगो थाना क्षेत्र से हुई बाइकों की चोरी के इस मामले को सुलझाने में टीआई दुर्गेश शर्मा के नेतृत्व में एसआई लालन पटेल, एएसआई मेलाराम कठौतिया, प्रधान आरक्षक राकेश सिंह, प्रवीण कुमार लाल, आरक्षक दिलेर सिंह, चंद्रकांत गुप्ता, विपिन बिहारी नायक, कवल चंद्रा, लक्ष्मीकांत खरसन, रोहित राठौर का सराहनीय योगदान रहा।
0 इन क्षेत्रों से की गई थी बाइक चोरी
पकड़े गए चोरों ने बगदेवा से होण्डा ड्रीम युगा, पाली में मंदिर के सामने से लाल रंग का पल्सर, कटघोरा तहसीलभाठा बिजली आफिस के पीछे से डिस्कव्हर, कुसमुंडा क्षेत्र से 2 मोटर साइकिल, दीपका क्षेत्र से 1 व बांगो क्षेत्र से 2 मोटर साइकिल चोरी करना बताया। दिनेश सोनवानी के द्वारा बजाज प्लेटिना काला रंग व बजाज पल्सर आरएस-200 तथा सागर रजक के द्वारा होण्डा ड्रीम युगा, पैशन एक्स-प्रो व स्प्लेंडर प्लस को बिक्री के लिए कटघोरा थाना क्षेत्र के वर्तमान पता पूछापारा मंडी रोड में रखना बताया गया जहां से इन वाहनों को बरामद कर जब्त किया गया।















