खबर का असर:फरसवानी में गौठान निर्माण शुरू,अतिक्रमण ने रोका काम तो सीईओ ने लिया संज्ञान

कोरबा(खटपट न्यूज़)। सरकारी जमीन पर बेजा कब्जा करने के कारण ग्राम पंचायत फरसवानी में गौठान निर्माण के लिए जमीन नहीं मिलने सम्बन्धी खटपट न्यूज़ की खबर का असर हुआ है। गौठान निर्माण के लिए 4-4 बार नाप-जोख करने के बाद भी सरकारी जमीन की तलाश पूरी नहीं हो पाने के मामले में जनपद पंचायत करतला की सीईओ रुचि शार्दुल ने संज्ञान लिया और निर्देश पर जमीन की तलाश पूरी करते हुए गौठान निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना नरवा गरवा घुरवा बाड़ी के द्वितीय चरण का क्रियान्वयन के लिए कई ग्राम पंचायतों के नाम शामिल हंै। इसमें ग्राम पंचायत फरसवानी भी शामिल है। फरसवानी में गौठान के लिए चिन्हांकित सरकारी ज़मीन में सीमांकन विवाद के बाद पटवारी ने 4 बार सीमा की नापजोख कर डाली, उसके बाद भी जमीन नहीं मिल रही थी। गौठान निर्माण के लिए खोदे गए नींव स्थल को बार-बार बदलने के कारण गौठान निर्माण का कार्य लटका रहा। गौठान निर्माण में विलंब की वजह से इससे मिलने वाले लाभ से गोबर विक्रेता, गौमूत्र विक्रेता जहां वंचित हो रहे हैं वहीं मवेशियों के खेतों में विचरण करने से किसान भी परेशान हैं। इस प्रकरण पर जनपद सीईओ रुचि शार्दुल ने गंभीरता दिखाई और बाधाओं को दूर कर स्थल चयन कर लिया गया है। मौके पर निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है।
0 अतिक्रमण पर संशय
हालांकि यहां पर अभी तक अतिक्रमण नहीं हटा है, बस काम चालू हुआ है। देखना है कि आने वाले दिनों में प्रशासन सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटा पाता है या नहीं? कि गौठान के क्षेत्रफल को कम करके निर्माण कराया जाएगा।

Advertisement Carousel