0 कमिश्नर ने सराहा, रेशम विभाग के वेट रिलिंग इकाई में कोसा धागाकरण का अवलोकन किया, कार्यरत महिलाओं से मिले

कोरबा(खटपट न्यूज़)। बिलासपुर संभाग आयुक्त डॉ. संजय अलंग ने कोरबा प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को कोसा धागाकरण के वेट रिलिंग इकाई का अवलोकन किया। कोसाबाड़ी केन्द्र पहुंचकर महिलाओं द्वारा कोकून से धागा निकालने के किये जा रहे काम को देखा और रेशम विभाग के सहायक संचालक से केन्द्र में स्थापित वेट रिलिंग और बुनियाद रिलिंग इकाई के बारे में जानकारी ली।

संभागायुक्त डॉ. संजय अलंग को बताया गया कि कोसाबाड़ी केन्द्र में लगभग 45 महिलाएं वेट रिलिंग और बुनियाद मशीन से कोसा धागा निकालने के काम में संलग्न हैं। जिले के बुनकर उच्च गुणवत्ता के कोसा धागा के लिए चाईना और जापान जैसे देशों पर निर्भर थे। इस कमी को पूरा करने के लिए रेशम विभाग द्वारा वेट रिलिंग मशीन स्थापित किया गया है। इस मशीन से उच्च गुणवत्ता के कोसा धागा निकालने का काम किया जा रहा है जिससे महिलाओं को प्रति माह अच्छी आमदनी हो रही है। डॉ. अलंग ने कोसा धागाकरण के काम में शामिल महिलाओं से बात कर उनके अच्छे काम के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान उपायुक्त विकास श्रीमती अर्चना मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ नूतन कंवर, एडीएम सुनील नायक, एसडीएम कोरबा हरिशंकर पैंकरा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
0 कुरूडीह में जल जीवन मिशन के कार्य का अवलोकन

जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों का जायजा लेने विकासखंड कोरबा के ग्राम कुरूडीह के बैगा पारा बसाहट पहुंचे संभागायुक्त ने हितग्राहियों के घरों तक पहुंचकर नल कनेक्शन का अवलोकन किया। लाभान्वित हितग्राहियों श्रीमती राधिका बाई, श्रीमती भूखिन बाई एवं श्रीमती कुमारी बाई से बात कर पानी आपूर्ति का फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने बताया कि पहले दूर से पानी लाते थे। अब घर में नल कनेक्शन दिए जाने से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। गांव में सोलर आधारित पंप और पानी टंकी के माध्यम से पाईप लाईन बिछाकर 18 हितग्राहियों के घरों में नल कनेक्शन दिए गये हैं।
0 रानी धनराज कुंवर देवी पीएचसी भी पहुंचे
संभागायुक्त ने कोरबा शहर स्थित रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर मरीजों के लिये उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई और मरीजों के ईलाज के लिये सुनिश्चित की गई व्यवस्थाओं को देखा। अस्पताल के जनरल वार्ड, टीकाकरण कक्ष, माईनर ओटी एवं प्रसव कक्ष आदि का निरीक्षण किया। ओपीडी, आईपीडी, आयुष्मान कार्ड से इलाज एवं प्रसव आदि की भी जानकारी सीएमएचओ डॉ. बी.बी.बोडे से ली।














