Monday, March 23, 2026
Home कोरबा कोविड ड्यूटी में परेशानी : बिना वाहन नंबर वाले आईडी/ पास धारकों...

कोविड ड्यूटी में परेशानी : बिना वाहन नंबर वाले आईडी/ पास धारकों को नहीं मिल रहा पेट्रोल-डीजल


कोरबा(खटपट न्यूज़)। पूर्ण लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने और सड़कों पर बढ़ते आवागमन को थामने के लिए जारी निर्देशों की कड़ी में मौखिक आदेश पर पेट्रोल पंपों से अब ईंधन भी नहीं दिया जा रहा है। आम लोगों को पेट्रोल-डीजल देने की जहां मनाही जायज है। ऐसे लोग जिन्हें उनके नियोक्ता विभागों से आईडी कार्ड अथवा पास कार्यस्थल आने-जाने के लिए जारी किया गया है, उक्त कार्ड अथवा पास में आवागमन के लिए प्रयुक्त होने वाले वाहन का नंबर नहीं लिखा है तो उन्हें भी अब पेट्रोल- डीजल नहीं दिया जा रहा है। पेट्रोल पंपों से ऐसे लोगों को जहां वापस लौटाया जा रहा है वहीं कई पेट्रोल पंपों के कर्मी वाहन चालकों को उनके ही क्षेत्र के पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेने की सलाह देकर लौटा रहे हैं।

पास अथवा आईडी कार्ड लेकर या किसी आपात कार्यों जैसे दवाई खरीदने, ईलाज संबंधी कार्य से निकले लोगों को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है और बिना ईंधन लिए लौटने से रास्ते में परेशान होने का भी अंदेशा उन्हें सताता है। टीपी नगर के पेट्रोल पंप पर पहुंचे सीजी-12एजेड-3499 टीवीएस सवार वृद्ध ने बताया कि वह डिंगापुर से दवाई लेने के लिए आया है और बाइक में पेट्रोल कम है लेकिन उसे बिना पास के पेट्रोल नहीं मिल रहा है। एसईसीएल मानिकपुर में कार्यरत अमरैय्यापारा निवासी वाहन चालक बिगन दास भी आपात ड्यूटी में कार्यरत है जिसे भी पास दिखाने पर पेट्रोल नहीं मिला। सीएसईबी में नारायण कंट्रक्शन के ठेका कर्मी संतोष सोनी को भी पास दिखाने पर वाहन नंबर नहीं लिखा होने के कारण पेट्रोल नहीं मिला। उसने बताया कि वह कोयला मेें पानी छिड़काव का काम करता है।
0 कोविड-19 ड्यूटी पर लगे लोग हो रहे हलाकान
पेट्रोल पंपों में दोपहिया व तीन पहिया वाहनों को 100 रुपए एवं चार पहिया वाहनों में 500 रुपए का ही डीजल-पेट्रोल भरा जा रहा है। बिना वाहन नंबर वाले पहचान पत्र अथवा पास लेकर कोविड-19 ड्यूटी में लगाए गए निगम सहित अन्य विभागों के कर्मियों को भी बैरंग लौटाया जा रहा है। यह जानकारी होने पर अब इनके में वाहन नंबर लिखे जा रहे हैं। निगम के नोडल अधिकारी पवन वर्मा ने बताया कि निगम क्षेत्र में 2973 लोगों को आईडी जारी किया गया है। इनमें आवश्यक कार्यों वाले कर्मियों के साथ ठेका कर्मी व सर्विलांस दल भी शामिल हैं। इस तरह की शिकायत लेकर आ रहे कर्मियों के परिचय पत्र में वाहन नंबर डालकर सील भी लगाया जा रहा है ताकि कोई दिक्कत न हो।

Advertisement Carousel